काशी में महाकुंभ सा नजारा, पहली बार विश्वनाथ धाम में गेट नंबर-4 से अखाड़ों का प्रवेश
*काशी में महाकुंभ सा नजारा, पहली बार विश्वनाथ धाम में गेट नंबर-4 से अखाड़ों का प्रवेश*
महाशिवरात्रि पर बुधवार की सुबह से वाराणसी में शहर से लेकर गांव तक के शिवालयों में भक्त बाबा का अभिषेक व पूजन-अर्चन कर रहे हैं। शहर के बाहर के प्रमुख शिवालयों में मार्कंडेय महादेव कैथी, शूलटंकेश्वर माधोपुर, सारंगनाथ सारनाथ, रामेश्वर महादेव में भी दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी है।
*पहली बार अखाड़ों ने काशी विश्वनाथ मंदिर में गेट नंबर चार से किया प्रवेश*
महाशिवरात्रि पर बुधवार को काशी में प्रयागराज महाकुंभ जैसा नजारा दिखा। हनुमान घाट से बाबा के धाम तक श्रद्धालुओं ने दिव्य और भव्य नजारे का दर्शन किया। यह पहला मौका है, जब नागा साधु-संन्यासी काशी विश्वनाथ धाम में गेट नंबर चार यानी ज्ञानवापी मार्ग से प्रवेश कर रहे हैं। हर-हर महादेव का जयकारा लगाते हुए नागा संन्यासियों की टोली धाम में पहुंची तो नजारा देखने लायक रहा। इससे पहले नागा संन्यासियों को ढुंढिराज गणेश मार्ग से मंदिर परिसर में प्रवेश मिलता था।
*महाशिवरात्रि पर बाबा का विशेष श्रृंगार*
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा की मंगला आरती के बाद से ही दर्शन- पूजन का सिलसिला शुरू हुआ। बाबा की एक झलक पाने के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी है। मंगला आरती के दौरान बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया।
*कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालु कर रहे दर्शन पूजन*
काशी में दर्शन- पूजन के लिए मंगलवार शाम से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। शहर से लेकर गांव तक के सभी शिवालयों के पास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बाबा विश्वनाध धाम में दर्शन पूजन मंगला आरती के बाद से ही शुरू हुआ। भक्तों की लंबी कतार लगी है।