भारतीय खिलाड़ियों के लिए राहत की खबर, शर्त के साथ परिवार को मैच देखने की मिल सकती है इजाजत

भारतीय खिलाड़ियों के लिए राहत की खबर, शर्त के साथ परिवार को मैच देखने की मिल सकती है इजाजत

*भारतीय खिलाड़ियों के लिए राहत की खबर, शर्त के साथ परिवार को मैच देखने की मिल सकती है इजाजत*

भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू जमीन पर और फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद बीसीसीआई ने कड़े कदम उठाए थे।

भारतीय टीम के सदस्यों के लिए चैंपियंस ट्रॉफी से पहले राहत की खबर आई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) खिलाड़ियों के परिवार को चैंपियंस ट्रॉफी के एक मैच को देखने की मंजूरी दे सकता है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद बोर्ड ने सख्त रवैया अपनाया था और दौरे पर परिवार के समय को सीमित कर दिया था।

*भारत को दुबई में खेलने हैं सभी मैच* 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों को परिवार के सदस्यों को स्टेडियम में लाने के लिए बीसीसीआई की मंजूरी लेनी होगी। चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान ग्रुप चरण में रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम को बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलना है। अगर टीम सेमीफाइनल और फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में सफल रही तो दुबई में दो और मैच खेलेगी।

*एक मैच के लिए मिलेगी मंजूरी*

बीसीसीआई के एक सूत्र ने इंडिया टूडे के हवाले से बताया, फिलहाल ध्यान टीम बॉन्डिंग पर है और यह सुनिश्चित करना है कि खिलाड़ी बिना किसी दिक्कत के एक साथ रहें, इसलिए बीसीसीआई ने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान क्रिकेटरों को अपने परिवार के सदस्यों को एक मैच में ले जाने की अनुमति देने का फैसला किया है। हालांकि, यह बोर्ड से मंजूरी मिलने पर ही हो सकता है। खिलाड़ियों को बीसीसीआई को बताना होगा कि उनके परिवार के सदस्य कौन सा मैच देखना चाहते हैं और उस हिसाब से ही मंजूरी दी जाएगी।

*खराब प्रदर्शन के बाद उठाए थे कदम* 

भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू जमीन पर और फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद बीसीसीआई ने कड़े कदम उठाए थे। हालांकि, यह दिशानिर्देश कभी आधिकारिक रूप से नहीं बताए गए, लेकिन माना जाता है कि बीसीसीआई यह सुनिश्चित करना चाहता है कि खिलाड़ी परिवार के सदस्यों के साथ निजी समय बिताने के बजाए अभ्यास और टीम बॉन्डिंग पर ध्यान केंद्रित करें।