वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज पेश करेंगी मोदी सरकार का बजट; आयकर में राहत मिलने की उम्मीद
*वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज पेश करेंगी मोदी सरकार का बजट; आयकर में राहत मिलने की उम्मीद*
चुनौतियों के बीच इस बार का बजट सरकार के लिए खासा चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। अर्थव्यवस्था की धीमी होती रफ्तार ने चिंता बढ़ाई है, वहीं आम आदमी बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और करों के बोझ से राहत की उम्मीद कर रहा है।
इस बजट में महंगाई, वृद्धि दर की सुस्ती, रोजगार, आयकर और मध्यम वर्ग की जेब में पैसे डालने के लिए सरकार क्या उपाय करने जा रही है, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी
*रुपया कहां से आता है, कहां जाता है?*
लोग अक्सर बजट के बारे में चर्चा तो करते हैं, पर बजट में पैसा कहां से आता है, कहां जाता है यह हिसाब नहीं समझ पाते। सरकार की ओर से पेश किए गए बजट में आपके लिए क्या है इसे ठीक तरह से समझने के लिए उसके पाई-पाई के हिसाब को समझना जरूरी है। आइए पूर्व के आंकड़ों से समझते हैं सरकार पैसा कहां से लाती है और कहां खर्च करती है।
*पुरी में सैंड आर्ट बनाकर बजट का स्वागत*
ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने केंद्रीय बजट 2025 का स्वागत करते हुए सैंड आर्ट बनाया। रेत की इस कलाकृति में पटनायक ने वित्त मंत्री सीतारमण के अलावा टैब को भी दिखाया है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया की निगाहें आज पेश होने वाले केंद्रीय बजट 2025 पर हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में लगातार आठवीं बार बजट पेश करेंगी
*निवेश गतिविधि में मामूली सुधार के संकेत*
डेलॉयट इंडिया की अर्थशास्त्री रुमकी मजूमदार ने कहा कि पहली तिमाही के आंकड़े निजी खपत में उल्लेखनीय वृद्धि और निवेश गतिविधि में मामूली सुधार की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में चुनाव संपन्न होने के साथ अनुमान है कि सरकारी खर्च बढ़ेगा, जिससे आगामी तिमाहियों में वृद्धि को समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में प्रयासों को प्राथमिकता देना जारी रखेगी।
*पूंजीगत व्यय में कम-से-कम 20 प्रतिशत बढ़ोतरी*
अर्नेस्ट एंड यंग (ईवाई) को उम्मीद है कि आर्थिक गतिविधि को बढ़ावा देने के लिए पूंजीगत व्यय में कम-से-कम 20 प्रतिशत बढ़ोतरी होगी। ईवाई इंडिया में मुख्य नीतिगत सलाहकार डी के श्रीवास्तव ने कहा कि चुनौतीपूर्ण आर्थिक परिदृश्य के बीच आगामी बजट में राजकोषीय संयम को वृद्धि उपायों के साथ संतुलित करना चाहिए।