अवैध फेंटेनाइल से मरे लाखों अमेरिकी; अब मैक्सिको-कनाडा पर 25% और चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगेगा
*अवैध फेंटेनाइल से मरे लाखों अमेरिकी; अब मैक्सिको-कनाडा पर 25% और चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगेगा*
अमेरिकी प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेशानुसार मैक्सिको और कनाडा से 25-25 फीसदी, जबकि चीन से 10 फीसदी टैरिफ वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि बीते कई वर्षों में अवैध फेंटेनाइल का इस्तेमाल करने के कारण लाखों अमेरिकी लोगों की मौत हो चुकी है। अब इन देशों को शुल्क का भुगतान करना होगा। इसके अलावा, उन्होंने कई अहम सवालों पर भी जवाब दिया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक फरवरी से मैक्सिको और कनाडा पर 25 फीसदी और चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगाएंगे, जिसका उन्होंने वादा किया था। इस बारे में प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ये टैरिफ इसलिए है, क्योंकि चीन अवैध फेंटेनाइल का स्रोत बना है और इसे हमारे देश में फैलाने की अनुमति दी है, जिससे लाखों अमेरिकी मारे गए हैं।
ट्रंप ने कहा था कि वह कनाडा और मैक्सिको से आयात होने वाले तेल पर टैरिफ में छूट देने पर विचार कर सकते हैं। इस संबंध में एक सवाल पर लेविट ने कहा कि टैरिफ में दोनों देशों को मिलने वाली छूट पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है और उनके पास इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है
*वाशिंगटन डीसी विमान दुर्घटना पर बोलीं लेविट*
वाशिंगटन में दो दिन पहले हुई विमान और सैन्य हेलीकॉप्टर ब्लैकहॉक की टक्कर के मामले में प्रेस सचिव लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि हवाई यात्रा के समय अमेरिकी लोगों की सुरक्षा का पर्याप्त इंतजाम होना चाहिए। लोगों को असुरक्षित होने का एहसास नहीं होना चाहिए। प्रेस सचिव ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि अमेरिका के संघीय उड्डयन प्रशासन में भर्तियों का मानक कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि ट्रंप मानकों को सख्त करना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि देश में पायलटों का चयन केवल उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर किया जाए और यही प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
*अपनी सीमा से ऊपर उड़ रहा था हेलीकॉप्टर*
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, 'जब सरकार को टक्कर में हताहत व्यक्तियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर, हेलीकॉप्टर के पायलट और अन्य व्यक्तियों के बारे में सटीक सूचना मिलेगी तब पहचान की पुष्टि की जाएगी। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने एक सवाल के जवाब में कहा, राष्ट्रपति ने स्वीकार किया है कि पिछले कई वर्षों में विमानन उद्योग से जुड़ी कई समस्याएं सामने आई हैं... हादसे से पहले अमेरिकी सेना का ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर बहुत अधिक ऊंचाई पर उड़ रहा था, टक्कर से ठीक पहले इसकी ऊंचाई 200-फीट की सीमा से बहुत ऊपर थी... राष्ट्रपति के मुताबिक हेलीकॉप्टर जितना ऊपर उड़ना चाहिए था, उससे अधिक ऊंचाई पर उड़ रहा था, जो इस टक्कर का कारण बना। हादसे के अन्य कारणों की जांच जारी है।