ट्रंप ने अरबों खर्च रोकने का फैसला वापस लिया; कहा- 8 माह का वेतन लेकर नौकरी छोड़ें सरकारी कर्मी
*ट्रंप ने अरबों खर्च रोकने का फैसला वापस लिया; कहा- 8 माह का वेतन लेकर नौकरी छोड़ें सरकारी कर्मी*
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अरबों डॉलर के संघीय खर्च रोकने का फैसला वापस ले लिया है। एक जिला अदालत ने उनके फैसले पर रोक लगाई थी। सरकारी फैसला प्रभावी होने से कुछ मिनट पहले संघीय अदालत की महिला जज ने ट्रंप के फैसले पर सोमवार तक की अस्थायी रोक लगाई थी। इसके अलावा ट्रंप ने कर्मचारियों को 8 माह का वेतन लेकर नौकरी छोड़ने की पेशकश भी की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने अरबों डॉलर के खर्च को रोकने वाले अपने आदेश को वापस ले लिया है। ट्रंप सरकार ने एक संघीय अदालत की ओर से फैसले रोक लगाने के बाद यह फैसला लिया। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने फैसला वापस लेने की जानकारी दी। ट्रंप सरकार के इस फैसले से अमेरिकी योजनाओं के लिए सैकड़ों अरब डॉलर की सहायता बाधित होने का खतरा पैदा हो गया था।
20 जनवरी को ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद उनकी सरकार ने पहली बार कोई बड़ा फैसला वापस लिया है। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने संघीय व्यय की समग्र वैचारिक समीक्षा शुरू करते हुए यह रोक लगाने की योजना बनाई थी। इस योजना के कारण वे संगठन चिंतित हो गए हैं जो वित्तीय रूप से संघीय अनुदानों एवं ऋण पर निर्भर हैं। संघीय न्यायाधीश के इस फैसले से करदाताओं के पैसे पर नियंत्रण को लेकर सांविधानिक टकराव का मंच तैयार हो गया है। प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि ऋण और अनुदान को रोकने का निर्णय समग्र भलाई के लिए लिया गया था।
*कर्मचारियों को 8 माह का वेतन लेकर नौकरी छोड़ने की पेशकश*
इसके अलावा ट्रंप प्रशासन ने घोषणा की है कि वह उन सभी संघीय कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने की पेशकश के तहत आठ माह के वेतन का विकल्प दे रहा है। इसे अमेरिकी सरकार का आकार घटाने का एक अभूतपूर्व कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अमेरिका में संघीय कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी है। ट्रंप प्रशासन ने कहा कि जो कर्मचारी अगले सप्ताह तक नौकरी छोड़ने का विकल्प चुनेंगे, उन्हीं को यह लाभ मिलेगा। अमेरिकी सरकार की मानव संसाधन एजेंसी ने भविष्य में छंटनी की भी चेतावनी दी है। 20 लाख कर्मियों को भेजे ईमेल के मुताबिक, जो लोग स्वेच्छा से पद छोड़ेंगे उन्हें 8 माह का वेतन मिलेगा, लेकिन उन्हें 6 फरवरी तक ऐसा करने का विकल्प चुनना होगा
*डेमोक्रेट्स ने ट्रंप के फैसले को मनमाना और अवैध कहा, ट्रंप को करना पड़ा पुनर्विचार*
प्रचंड बहुमत के साथ चार साल बाद सत्ता में लौटे रिपब्लिकन नेता ट्रंप अपने दूसरे और अंतिम कार्यकाल के पहले 10 दिनों में ही कई बड़े फैसले कर चुके हैं। हालांकि, संघीय मदद रोकने के इस फैसले के बाद, 22 राज्यों और कोलंबिया जिले के डेमोक्रेटिक अटॉर्नी जनरल ने प्रशासन के विरुद्ध केस दायर किया व रोक को स्थायी रूप से खत्म करने की मांग की। डेमोक्रेटिक नेताओं ने ट्रंप प्रशासन के इस फैसले को अवैध व मनमाना कहा। उन्होंने तर्क दिया कि राष्ट्रपति को एकतरफा तरीके से इसे रोकने का अधिकार नहीं है। विरोध बढ़ने और अदालत की तरफ से लगाई गई रोक के कारण ट्रंप को अपने इस फैसले पर दोबारा सोचना पड़ा
*सरकार वह आजादी खत्म कर रही जिनके लिए हम लड़े : मैडोना*
अमेरिकी गायिका मैडोना ने ट्रांसजेंडरों को मिले अधिकारों को हटाने पर ट्रंप प्रशासन की आलोचना की है। वह बोलीं, यह दुखद है कि नई सरकार उन सभी स्वतंत्रताओं को खत्म कर रही है जिनके लिए हम वर्षों से लड़ते रहे हैं।
*19 वर्ष से कम उम्र वालों के लिंग परिवर्तन पर रोक*
अमेरिका में 19 वर्ष से कम आयु के लोगों के लिंग परिवर्तन करने पर रोक लगाने के लिए ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश दिया है। ट्रंप ने कहा, अमेरिका किसी बच्चे के लिंग परिवर्तन को वित्तपोषित, प्रायोजित, बढ़ावा, मदद या समर्थन नहीं देगा।