वक्फ समिति की सिफारिशें और संशोधित विधेयक स्वीकार होने के बाद वार-पलटवार; सरकार-विपक्ष में फिर ठनी
*वक्फ समिति की सिफारिशें और संशोधित विधेयक स्वीकार होने के बाद वार-पलटवार; सरकार-विपक्ष में फिर ठनी*
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक पर जेपीसी की बैठक संपन्न हो गई। सरकार का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में आधुनिकता, पारदर्शिता और जवाबदेही लाना है
वक्फ (संशोधन) विधेयक पर विचार कर रही संसद की संयुक्त समिति की मसौदा रिपोर्ट और संशोधित विधेयक को बुधवार को हुई बैठक में स्वीकार कर लिया गया। इससे पहले समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने जेपीसी की आखिरी बैठक की अध्यक्षता की। अब कई विपक्षी सांसद समिति की सिफारिशों के खिलाफ अपनी असहमति का नोट देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए उनके पास थोड़ा समय ही बचा है।
दरअसल, वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से लोकसभा में पेश किए जाने के बाद 8 अगस्त, 2024 को संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेजा गया था। विधेयक का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों को विनियमित और प्रबंधित करने से जुड़े मुद्दों और चुनौतियों का समाधान करने के लिए वक्फ अधिनियम, 1995 में संशोधन करना है। इस बीच समिति के सदस्यों के बीच तनातनी देखने मिली। जहां एक तरफ सरकार ने इसे सफलता बताया तो वहीं विपक्ष ने कहा कि उनकी बातें नहीं सुनी गई।
*भाजपा के सांसदों का बयान*
वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक को लेकर हुई जेपीसी की बैठक पर भाजपा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "वक्फ बोर्ड विधेयक पर रिपोर्ट को 14 के मुकाबले 11 मतों से स्वीकार किया गया है। कई पार्टियों ने अपनी असहमति नोट पेश किए। रिपोर्ट कल स्पीकर के समक्ष पेश किया जाएगा। सरकार के काम का विरोध करना विपक्ष का काम है। ऐसा करना उनके डीएनए में है।"
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा, "वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक पर जेपीसी की बैठक संपन्न हो गई। सरकार का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में आधुनिकता, पारदर्शिता और जवाबदेही लाना है। इसके साथ ही कानून के दुरुपयोग को रोकना जो देश में सामाजिक और सांप्रदायिक सद्भाव के दम पर भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। चर्चाओं के दौरान तनातनी देखने को मिली। अंतिम रिपोर्ट एक अच्छा दस्तावेज है जो वक्फ बोर्ड के कामकाज में बहुत जरूरी जवाबदेही और पारदर्शिता लाकर मुस्लिम समुदाय को सशक्त बनाती है।"
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर जेपीसी के अध्यक्ष और भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, "मसौदा रिपोर्ट और संशोधित रिपोर्ट को बहुमत के साथ पारित किया गया। अब हम इसे कल स्पीकर के समक्ष पेश करेंगे