भारत में 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न, प्रधानमंत्री मोदी ने दीं शुभकामनाएं
*भारत में 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न, प्रधानमंत्री मोदी ने दीं शुभकामनाएं*
भारत में 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया जा रहा है। मुख्य समारोह कर्तव्य पथ पर होगा जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ध्वजारोहण करेंगी। इस समारोह में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो भारत के मुख्य अतिथि हैं।
*तिरंगे के रंग में रंगा कश्मीर का लाल चौक*
गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति के रंग में डूबा कश्मीर का प्रसिद्ध लाल चौक इलाका।
*इंडोनेशिया के प्रतिनिधिमंडल ने गाए हिंदी गाने*
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबावो सुबियांतो इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं। शनिवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति के सम्मान में भोज का आयोजन किया। इस आयोजन के दौरान इंडोनेशिया के एक प्रतिनिधिमंडल ने बॉलीवुड गीत कुछ कुछ होता है गाया। इस प्रतिनिधिमंडल में इंडोनेशिया के वरिष्ठ मंत्री शामिल थे। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर हैं।
*दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम*
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। जगह-जगह पुलिस ने चेकपोस्ट बनाए हैं, जहां लोगों की जांच की जा रही है।
*पीएम मोदी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि 'गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान महिलाओं और पुरुषों के सम्मान में अपना सिर झुकाते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाया और ये सुनिश्चित किया कि हमारी यात्रा की जड़ें लोकतांत्रिक, एकता और गरिमा पर आधारित रहें। मैं कामना करता हूं कि यह अवसर हमारे संविधान के आदर्शों को संरक्षित करने तथा एक मजबूत एवं समृद्ध भारत की दिशा में हमारे प्रयासों को मजबूती प्रदान करे।'
*कर्तव्य पथ पर दर्शकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू*
76वें गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम कर्तव्य पथ पर होगा। समारोह स्थल पर सुरक्षा अधिकारियों और मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
*ट्रंप सरकार में विदेश मंत्री बने रुबियो ने दीं शुभकामनाएं*
अमेरिका ने भारतीय गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत- अमेरिका संबंध नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। इससे "21वीं सदी के परिभाषित संबंध" होंगे। उन्होंने कहा, वे अमेरिका की तरफ से भारत के लोगों को उनके देश के गणतंत्र दिवस पर बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के बीच सहयोग को गहरा करने के लिए तत्पर है।
*भारत में 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न, प्रधानमंत्री मोदी ने दीं शुभकामनाएं*
देशभर में आज 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया जा रहा है। आज ही के दिन देश ने संविधान को अंगीकृत और आत्मार्पित किया था। देश के मुख्य राजकीय समारोह में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ध्वजारोहण करेंगी। राष्ट्रपति सुरक्षाबलों के परेड की सलामी भी लेंगी। कर्तव्य पथ पर समृद्ध भारत की झांकी भी दिखेगी। भारत ने इस मौके पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो को मुख्य अतिथि बनाया है। उनके अलावा इस समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहेंगी। कर्तव्य पथ पर हजारों नागरिक भी परेड, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साक्षी बनेंगे।