पीएम शहबाज शरीफ ने फिर अलापा कश्मीर राग, कहा- राजनीतिक, नैतिक और कूटनीतिक समर्थन देना जारी रखेंगे
*पीएम शहबाज शरीफ ने फिर अलापा कश्मीर राग, कहा- राजनीतिक, नैतिक और कूटनीतिक समर्थन देना जारी रखेंगे*
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर के लोगों को तब तक राजनीतिक, नैतिक और कूटनीतिक समर्थन देना जारी रखेगा जब तक वे संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार आत्मनिर्णय का अधिकार हासिल नहीं कर लेते।
भारत और पाकिस्तान के रिश्ते से पूरी दुनिया वाकिफ है। वहीं कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान हमेशा से ही कश्मीरी लोगों के लिए अपना झूठा प्यार दिखाता रहता है। अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर कश्मीर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर के लोगों को तब तक राजनीतिक, नैतिक और कूटनीतिक समर्थन देना जारी रखेगा जब तक वे संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार आत्मनिर्णय का अधिकार हासिल नहीं कर लेते
*अक्तूबर में भी दिया था बयान*
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अक्तूबर में एक संदेश में कहा था कि जब भारतीय सेना श्रीनगर में उतरी थी। तब से भारत ने कश्मीरी लोगों की अपनी नियति निर्धारित करने की इच्छाओं को दबा दिया है। इसके साथ ही शरीफ ने कहा कि भारत ने बार-बार पाकिस्तान से कहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश "हमेशा देश का अभिन्न अंग थे, हैं और रहेंगे।
बता दें कि भारत द्वारा 5 अगस्त, 2019 को संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, जम्मू और कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में गिरावट आई। पाकिस्तान के बार-बार इस तरह के बेतुके बयान का भारत खंडन करता रहा है। नई दिल्ली ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हमेशा भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा रहे हैं और रहेंगे। भारत ने पाकिस्तान से कश्मीर मुद्दे को उठाने और बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय अपने आंतरिक मामलों को सुलझाने पर ध्यान देने को भी कहा है।