क्या भाजपा के समय दुष्कर्म नहीं हुए थे', कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया का कानून व्यवस्था पर बेतुका बयान

क्या भाजपा के समय दुष्कर्म नहीं हुए थे', कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया का कानून व्यवस्था पर बेतुका बयान

*क्या भाजपा के समय दुष्कर्म नहीं हुए थे', कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया का कानून व्यवस्था पर बेतुका बयान*

बंगलूरू के पुलिस कमिश्नर बी दयानंद ने पत्रकारों से बताया कि दुष्कर्म की घटना एसजे पार्क इलाके की है। शिकायत में पीड़िता ने जबरन वसूली और दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने एक बेतुका बयान दिया है। दरअसल विपक्षी पार्टी भाजपा सिद्धारमैया सरकार में कानून व्यवस्था खराब होने के आरोप लगा रही है। बंगलूरू में हुए एक दुष्कर्म मामले को लेकर विपक्ष कर्नाटक सरकार पर हमलावर है। जब इसे लेकर सीएम सिद्धारमैया से सवाल किया गया तो वे भड़क गए और कहने लगे कि क्या भाजपा सरकार में दुष्कर्म नहीं हुए थे। सिद्धारमैया ने ये भी कहा कि असामाजिक तत्व ऐसे कृत्य करते हैं और उनके खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।

*दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार*

दरअसल रविवार की रात बंगलूरू के केआर मार्केट इलाके में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। पीड़िता येलाहांका इलाके में जब बस का इंतजार कर रही थी, उस वक्त कथित तौर पर दो लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बंगलूरू के पुलिस कमिश्नर बी दयानंद ने पत्रकारों से बताया कि दुष्कर्म की घटना एसजे पार्क इलाके की है। शिकायत में पीड़िता ने जबरन वसूली और दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं।

*सीएम सिद्धारमैया का बेतुका बयान*

सिद्धारमैया एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को बेलगावी दौरे पर हैं। बेलगावी में जब बंगलूरू दुष्कर्म की घटना को लेकर भाजपा के आरोपों पर सवाल किया गया तो उन्होंने नाराज होते हुए कहा कि क्या भाजपा के समय में दुष्कर्म नहीं हुए थे? उन्होंने कहा कि दुष्कर्म की घटनाएं नहीं होनी चाहिए और महिलाओं की सुरक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व ऐसे अपराधों को अंजाम देते हैं। हम उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। भाजपा बंगलूरू की घटना को लेकर राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर का इस्तीफा मांग रही है। भाजपा का आरोप है कि राज्य में अचानक से कमजोर वर्ग के लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, लूट, हत्या जैसे अपराध बढ़ गए हैं।