सैफ अली खान पर हमला चिंताजनक', सुप्रिया सुले ने जताई चिंता; देर रात घर में ही हुआ था हमला

सैफ अली खान पर हमला चिंताजनक', सुप्रिया सुले ने जताई चिंता; देर रात घर में ही हुआ था हमला

*सैफ अली खान पर हमला चिंताजनक', सुप्रिया सुले ने जताई चिंता; देर रात घर में ही हुआ था हमला*

सुप्रिया सुले ने पुणे के बारामती में मीडियाकर्मियों की मौजूदगी में करिश्मा कपूर से फोन पर बात की। सुले को करिश्मा कपूर ने बताया कि सैफ अली खान अस्पताल में थे, जबकि करीना घर लौट आई थीं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) के नेता सुप्रिया सुले ने गुरुवार को बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने मुंबई में सैफ के घर पर ही एक शख्स की ओर से किए गए हमले पर चिंता जताई। लोकसभा सांसद सैफ अली खान की पत्नी करीना कपूर खान के परिवार की मित्र हैं। उन्होंने कहा कि अभिनेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह सुरक्षित हैं।

*क्या है मामला?*

मुंबई में घर में घुसकर एक हमलावर ने अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार सुबह बताया कि घटना सैफ के बांद्रा स्थित आवास पर बुधवार देर रात में घटी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरूआती जानकारी के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति सैफ अली खान के घर में घुस आया और दोनों के बीच हाथापाई हुई। घटना के समय अभिनेता के कुछ परिजन घर में मौजूद थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चाकू से किए गए हमले में सैफ अली खान घायल हो गए। उन्हें घायल अवस्था में बांद्रा के लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बांद्रा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

*करीना कपूर की टीम ने जारी किया बयान*

सैफ की पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर की टीम ने एक बयान में कहा, 'सैफ अली खान और उनकी पत्नी करीना कपूर खान के घर में कल रात चोरी की कोशिश की गई। सैफ के हाथ में चोट लगी है, जिसके इलाज के लिए वह अस्पताल में हैं। परिवार के बाकी सदस्य ठीक हैं। हम मीडिया और प्रशंसकों से अपील करते हैं कि वे धैर्य रखें और आगे कोई अटकलें न लगाएं। पुलिस पहले से ही अपनी जांच कर रही है। आप सभी की चिंता के लिए धन्यवाद।

*मामले की जांच*

यह पूछे जाने पर कि क्या अभिनेता के घर में हमलावर ने लूटपाट का प्रयास किया था, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने विस्तृत जानकारी नहीं दी और कहा कि मामले की जांच की जा रही है। सैफ अली खान ने ‘ओमकारा’, ‘दिल चाहता है’, ‘कल हो ना हो’ और ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से लोकप्रियता हासिल की है।