गाजा से संघर्ष विराम समझौता अभी पूरा नहीं', नेतन्याहू के बयान के बाद संशय की स्थिति
*गाजा से संघर्ष विराम समझौता अभी पूरा नहीं', नेतन्याहू के बयान के बाद संशय की स्थिति*
हमास ने सात अक्तूबर, 2023 को इस्राइल पर हमला कर दिया था, जिसमें 1200 लोग मारे गए थे और 250 अन्य को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद इस्राइल ने जवाबी हमले किए, जिसमें 46000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए। इसके अलावा गाजा की अनुमानित 90 प्रतिशत आबादी विस्थापित हो गई और मानवीय संकट पैदा हो गया।
इस्राइल और हमास के बीच शांति समझौते की खबर बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के एक बयान ने लोगों के मन में शंका को जन्म दे दिया। दरअसल, नेतन्याहू ने बुधवार देर रात कहा कि हमास के साथ संघर्ष विराम समझौता अभी पूरा नहीं हुआ है तथा इसे अंतिम रूप देने पर काम किया जा रहा है। नेतन्याहू के इस बयान से कुछ घंटे पहले ही अमेरिका और कतर ने समझौते की घोषणा की थी। इससे गाजा में 15 महीने से बनी हुई युद्ध की विनाशकारी स्थिति को रोकने और बड़ी संख्या में बंधकों के रिहा होने का रास्ता साफ होगा। इस संघर्ष ने पश्चिम एशिया को अस्थिर कर दिया है और दुनियाभर में इसे लेकर प्रदर्शन हुए हैं।
*सड़कों पर उतरे लोग, खुशी मनाई*
समझौते की घोषणा के बाद बड़ी संख्या में फलस्तीनी सड़कों पर उतरे और उन्होंने खुशी मनाई। मध्य गाजा के दीर अल बलाह में महमूद वादी ने कहा कि इस समय हम जो महसूस कर रहे हैं, कोई नहीं कर सकता। इसे बयां नहीं किया जा सकता।
*अक्तूबर 2023 को इस्राइल पर हमला किया था*
हमास ने सात अक्तूबर, 2023 को इस्राइल पर हमला कर दिया था, जिसमें 1200 लोग मारे गए थे और 250 अन्य को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद इस्राइल ने जवाबी हमले किए, जिसमें 46000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए। इसके अलावा गाजा की अनुमानित 90 प्रतिशत आबादी विस्थापित हो गई और मानवीय संकट पैदा हो गया
*अंतिम ब्योरा पूरा होने के बाद ही औपचारिक बयान जारी करेंगे*
नेतन्याहू ने स्पष्ट रूप से नहीं बताया है कि वह कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल सानी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की ओर से कुछ घंटे पहले घोषित समझौते को स्वीकार करते हैं या नहीं। नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि वह समझौते का अंतिम ब्योरा पूरा होने के बाद ही औपचारिक बयान जारी करेंगे। समझौते के विवरण को इस समय अंतिम रूप दिया जा रहा है। कतर की राजधानी दोहा में समझौते के लिए कई सप्ताह से वार्ताएं हो रही थीं