यूक्रेनी सैनिकों को छोड़े रूस तब हम आपके जवान लौटाएंगे', जेलेंस्की का उत्तर कोरिया को प्रस्ताव
*यूक्रेनी सैनिकों को छोड़े रूस तब हम आपके जवान लौटाएंगे', जेलेंस्की का उत्तर कोरिया को प्रस्ताव*
यूक्रेन की सेना ने रूस के कुर्स्क सीमा क्षेत्र में रूसी सैनिकों के साथ लड़ रहे दो उत्तर कोरियाई सैनिकों को पकड़ लिया था। अब जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन को उनके सैनिकों को सौंपने के लिए तैयार है, अगर वह रूस में बंदी बनाए हमारे सैनिकों की रिहाई कराता है। सैनिकों की अदला-बदली के जरिये यह संभव है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस की मदद कर रहे उत्तर कोरिया के सामने एक प्रस्ताव रखा है। जेलेंस्की ने कहा कि अगर उत्तर कोरिया रूस में बंद यूक्रेन के सैनिकों की रिहाई कराता है तो वह कुर्स्क क्षेत्र में पकड़े गए उत्तर कोरियाई सैनिकों को छोड़ने के लिए तैयार है। शनिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन की सेना ने रूस के कुर्स्क सीमा क्षेत्र में रूसी सैनिकों के साथ लड़ रहे दो उत्तर कोरियाई सैनिकों को पकड़ लिया है। दोनों सैनिकों ने अपनी राष्ट्रीयता का कोई प्रमाण नहीं दिया था।
एक्स पर जेलेंस्की ने लिखा कि यूक्रेन उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन को उनके सैनिकों को सौंपने के लिए तैयार है, अगर वह रूस में बंदी बनाए हमारे सैनिकों की रिहाई कराता है। सैनिकों की अदला-बदली के जरिये यह संभव है। साथ ही यह भी संभावना है कि यूक्रेन की सेना ने अन्य उत्तर कोरियाई सैनिकों को भी पकड़ा होगा। यह केवल समय की बात है कि हमारे सैनिक दूसरों को पकड़ने में कामयाब होंगे।
*दक्षिण कोरिया एजेंसी ने भी किया था दावा*
पिछले दिनों राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा था कि लगभग 3,000 उत्तर कोरियाई सैनिक युद्ध में मारे या घायल हो गए हैं जब वे रूसी सेना के साथ लड़ाई में शामिल हुए थे। इस पर दक्षिण कोरियाई खुफिया एजेंसी ने बताया कि 26 दिसंबर को पकड़े गए उत्तर कोरियाई सैनिक की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। एजेंसी ने अनुमान जताया था कि 1,000 उत्तर कोरियाई सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं और इसका कारण युद्ध भूमि के माहौल और ड्रोन हमलों का सामना करने में उनकी कमी बताई गई है।
*रूस ने किया यूक्रेन के दो गांवों पर कब्जा*
वहीं रूस ने पूर्वी यूक्रेन के दो गांवों पर कब्ज़ा करने का दावा किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस के सैनिकों ने पूर्वी डोनेट्स्क क्षेत्र में यंतर्ने गांव पर कब्ज़ा कर लिया। यह कुराखोव से लगभग 10 किलोमीटर (छह मील) दक्षिण-पश्चिम में है। कुराखोव एक महत्वपूर्ण रसद केंद्र है। मंत्रालय ने कहा कि रूसी सैनिकों ने उत्तरपूर्वी खार्किव क्षेत्र के कलिनोवे गांव पर भी कब्जा कर लिया है