दिल्ली की सियासत में जाति, धर्म और प्रवासी मुद्दों की एंट्री; एक-दूसरे को घेरने में जुटे दल
*दिल्ली की सियासत में जाति, धर्म और प्रवासी मुद्दों की एंट्री; एक-दूसरे को घेरने में जुटे दल*
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के जाट समुदाय को आरक्षण देने का दांव चला तो भाजपा ने केजरीवाल पर पूर्वांचलियों को फर्जी कहने का आरोप लगाया
दिल्ली की सियासत में अब जाति, धर्म और प्रवासी के मुद्दे ने एंट्री मारी है। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के जाट समुदाय को आरक्षण देने का दांव चला तो भाजपा ने केजरीवाल पर पूर्वांचलियों को फर्जी कहने का आरोप लगाया। भाजपा का कहना है कि पूर्वांचलवासियों को फर्जी कहने वाले केजरीवाल के वायदे, उनके होर्डिंग्स और आचरण-नियत फर्जी हैं जो अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्या को बुलाकर वोटर बनवाते हैं। इस लेकर बाकायदा भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद और पूर्वांचल से ताल्लुक रखने वाले मनोज तिवारी को मैदान में उतारा।
मनोज तिवारी ने पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट कर केजरीवाल को घेरा फिर प्रेसवार्ता में कहा कि केजरीवाल और आप की एक बार फिर नियत दिल्ली के लोगों ने देखी है। उनकी हिम्मत कैसे हुई कि वे पूर्वांचलियों को फर्जी कहें। पूर्वांचलवासी जब दिल्ली आते हैं तो मेहनत मजदूरी करते हैं और छोटा मकान लेकर सिर्फ गुजर-बसर करते हैं, लेकिन कभी अपने आत्मसम्मान के साथ समझौता नहीं करते।
*यूपी, बिहार के लोग दिल्ली की अर्थव्यवस्था का पहिया चलाते हैं : सचदेवा*
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली में बस यूपी-बिहार के लोगों से नफरत करते हैं। वे कितनी भी चतुराई कर लें, लेकिन मन की बात उनकी जुबान पर आ ही गई। उन्होंने यूपी व बिहार वालों को नकली वोटर कह ही दिया। वे हर समय पूर्वांचल के लोगों का अपमान करते हैं। उन्होंने पहले भी पूर्वांचल के लोगों को दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था पर बोझ कहा है। अब फर्जी वोटर कहकर सभी हदें पार गए। सच्चाई यह है कि पूर्वांचल के लोग दिल्ली की अर्थव्यवस्था का पहिया चलाते हैं
दिल्ली के लोग उनकी मेहनत का सम्मान करते हैं। दिल्ली वाले मेहनतकश यूपी-बिहार वालों के अपमान का केजरीवाल से बदला लेगी। पूर्वांचलवासियों का दिल्ली के विकास में काफी योगदान है और वे कभी आत्मसम्मान के साथ समझौता नहीं कर सकते हैं। यह बात केजरीवाल को समझ लेनी चाहिए। प्रेसवार्ता में भाजपा नेता संजय मयूख व प्रवीण शंकर कपूर भी मौजूद रहे