इस्राइल हमास युद्धविराम समझौते के बहुत करीब', पेरिस में बोले अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन
*इस्राइल हमास युद्धविराम समझौते के बहुत करीब', पेरिस में बोले अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन*
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि इस्राइल और हमास के बीच युद्धविराम और बंधक समझौता बहुत करीब है। उन्हें उम्मीद है कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को अमेरिकी कूटनीति सौंपने से पहले 'हम इसे पूरा कर लेंगे।'
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इस समय फ्रांस की राजधानी पेरिस में हैं। जहां उन्होंने बुधवार को इस्राइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौते को लेकर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि दोनों के बीच युद्धविराम और बंधक समझौता बहुत करीब है। उन्हें उम्मीद है कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को अमेरिकी कूटनीति सौंपने से पहले 'हम इसे पूरा कर लेंगे।'
ब्लिंकन ने आगे कहा कि हम एक के बाद एक मामलों में प्रगति कर रहे हैं, कुछ चीजें ऐसी हैं जिन्हें हम पूरा नहीं कर पाए हैं, लेकिन ये वास्तव में आगे बढ़ने के लिए वास्तविक अवसर पैदा करती हैं।
*बाद में भी अमल में लाई जाएगी युद्धविराम समझौते की योजना*
उन्होंने कहा कि भले ही बाइडन प्रशासन की युद्ध विराम और बंधक समझौते की योजना ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले पूरी न हो पाए, लेकिन उन्हें लगता है कि बाद में इसे अमल में लाया जाएगा।
ब्लिंकन ने कहा, 'मेरा मानना है कि जब हम यह समझौता हासिल कर लेंगे, तो यह उन योजनाओं के आधार पर होगा जो राष्ट्रपति बाइडन ने दुनिया के सामने रखी हैं।'
*ग्रीनलैंड पर नियंत्रण का विचार अच्छा नहीं: ब्लिंकन*
बैठकों के दौरान ब्लिंकन ने ग्रीनलैंड के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड के बारे में जो कह रहे हैं, उस पर समय बर्बाद न करें। उन्होंने कहा कि आने वाले राष्ट्रपति की महत्वाकांक्षाएं बातचीत से ज्यादा कुछ नहीं होने वाली हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि ग्रीनलैंड के बारे में व्यक्त किया गया विचार स्पष्ट रूप से अच्छा नहीं है।