पलाधी गांव में हिंसा के बाद समान्य हुई स्थिति, हटा कर्फ्यू; अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
*पलाधी गांव में हिंसा के बाद समान्य हुई स्थिति, हटा कर्फ्यू; अब तक सात आरोपी गिरफ्तार*
जलगांव के जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने बताया कि प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाला और नुकसान को कम से कम करने की कोशिश की। कलेक्टर ने कहा ग्रामीणों से बात की गई।
महाराष्ट्र के जलगांव जिले के पलाधी गांव में मंगलवार रात हुई झड़प के बाद स्थिति समान्य हो गई और शांति बहाल की गई। इसके कारण पुलिस प्रशासन द्वारा लगाए गए कर्फ्यू को हटा दिया गया है। बता दें कि ये झड़प दो समूहों के बीच बीते 31 दिसंबर, 2024 की रात करीब 11 बजे हुई जब रोड रेज की एक घटना के बाद करीब 100 से 150 लोग इकट्ठा हो गए। स्थिति बिगड़ने पर कुछ दुकानों और 12 वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए शांति बहाल की।
*प्रशासन ने स्थिति पर किया नियंत्रण*
जलगांव के जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने बताया कि प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाला और नुकसान को कम से कम करने की कोशिश की। कलेक्टर ने कहा ग्रामीणों से बात की गई, और उन्होंने माना कि ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। इसके बाद कर्फ्यू हटा दिया गया।
*अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार*
मामले में जलगांव के एसपी महेश्वर रेड्डी ने बताया कि इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। हिंसा के दिन ही 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद 8 और लोगों की पहचान की गई है, जो फिलहाल फरार हैं।
*राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी*
इस बीच, एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने हिंसा के पीछे राजनीतिक कारण होने का आरोप लगाया। उन्होंने इस घटना के लिए मंत्री गुलाब राव पाटिल को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि यह झड़प राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ी हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।