चंदन गुप्ता हत्याकांड: कोर्ट आज सुनाएगी सजा... छह साल बाद 28 दोषी करार, तिरंगा यात्रा के दौरान भड़का था दंगा

चंदन गुप्ता हत्याकांड: कोर्ट आज सुनाएगी सजा... छह साल बाद 28 दोषी करार, तिरंगा यात्रा के दौरान भड़का था दंगा

*चंदन गुप्ता हत्याकांड: कोर्ट आज सुनाएगी सजा... छह साल बाद 28 दोषी करार, तिरंगा यात्रा के दौरान भड़का था दंगा*

छह साल, 11 महीने और 7 दिन के इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को जब एनआईए की अदालत ने चंदन के 28 हत्यारोपियों को दोषी करार दिया तो माता-पिता फफक पड़े।

कासगंज में 26 जनवरी 2018 को तिरंगा यात्रा के दौरान भड़के दंगे में एबीवीपी कार्यकर्ता चंदन गुप्ता की हत्या के मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने 28 आरोपियों को दोषी करार दिया है, जबकि दो को बरी कर दिया। अदालत शुक्रवार को दोषियों को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सजा सुनाएगी।


एनआईए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेकानंद शरण त्रिपाठी ने सरकार बनाम सलीम व अन्य के मामले में यह फैसला सुनाया। अदालत ने दोष सिद्ध हो चुके आरोपी सलीम के खिलाफ गैर जमानतीय अधिपत्र (एनबीडब्ल्यू) जारी करने का भी आदेश दिया।

*दो पक्षों में बवाल, चंदन को लगी थी गोली*

विहिप, एबीवीपी और हिंदू वाहिनी के सौ से अधिक कार्यकर्ता कासगंज में बाइक से तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे, जिसमें चंदन भी शामिल था। यात्रा बड्डूनगर पहुंची, जहां गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। वहां तिरंगा यात्रा न बढ़ने देने को लेकर दो पक्षों में पथराव शुरू हो गया। देखते-देखते दंगा भड़क उठा, और इसी दौरान चली गोली लगने से चंदन गुप्ता की मौत हो गई।

*दोषियों के सुप्रीम कोर्ट जाने की रही चर्चा*

बृहस्पतिवार को एक चर्चा यह भी रही कि दोषियों के परिजन इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेंगे।

*फफक पड़े माता-पिता, कहा-कोर्ट पर पूरा भरोसा...दोषियों को हो फांसी*

छह साल, 11 महीने और 7 दिन के इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को जब एनआईए की अदालत ने चंदन के 28 हत्यारोपियों को दोषी करार दिया तो माता-पिता फफक पड़े। आंखों से आंसू पोछते हुए कहा कि हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। बेटे के हत्यारों को फांसी होनी चाहिए।

*मां ने त्यागा अन्न-जल*

मां संगीता गुप्ता ने बृहस्पतिवार शाम को अन्न जल त्याग कर अखंड ज्योति जलाई। भाई विवेक गुप्ता ने बताया कि अदालत से फैसला आने बाद ही अब उनकी मां अन्न-जल ग्रहण करेंगी। विवेक ने बताया कि जिन दो आरोपियों को बरी किया गया है, उनके खिलाफ वह हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे

*घर में थी पूजा, मां नहीं चाहती थीं तिरंगा यात्रा में जाए चंदन*

26 जनवरी 2018 के दिन चंदन के घर पर पूजा थी। मां संगीता नहीं चाहती थीं कि वह तिरंगा यात्रा में जाए। वह चाहती थी कि वह घर पर ही रहकर पूजा की तैयारियां कराए लेकिन चंदन बाइक में लंबा तिरंगा लगाकर घर से निकल पड़ा। मां संगीता ने कहा कि उस रोज चंदन सुबह जल्दी उठ गया था। वह कुछ दिन पहले पालने के लिए एक छोटा पिल्ला लाया था। सुबह के समय उसने पिल्ले द्वारा की गई गंदगी को साफ किया और खुद भी तैयार हुआ। मां ने बताया कि चंदन से पूजा की खीर के लिए दूध व फूल लाने के लिए कहा तो उसने कहा कि दूध और फूल भइया से मंगा लेना। मेरे दोस्त इंतजार कर रहे हैं।