*बॉक्सिंग-डे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की अंतिम एकादश घोषित; ट्रेविस हेड फिट करार*
*बॉक्सिंग-डे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की अंतिम एकादश घोषित; ट्रेविस हेड फिट करार*
रविचंद्रन अश्विन के संन्यास को पीछे छोड़त हुए भारत कल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट में उतरेगी। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 1-1 की बराबरी पर चल रही है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपनी अंतिम एकादश का एलान कर दिया है।
Boxing Day MCG Test Australia Playing XI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच कल यानी गुरुवार 26 दिसंबर को होगा। मेलबर्न में होने वाले इस बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने अपनी अंतिम एकादश का एलान कर दिया है। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कमिंस ने ट्रेविस हेड को पूरी तरह से फिट घोषित किया। उनके साथ एमसीजी में शानदार रिकॉर्ड रखने वाले स्कॉट बोलैंड को भी टीम में जगह दी गई है।
पैट कमिंस ने बताया कि मेलबर्न में होने वाले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया ने दो बदलाव किए हैं। इसमें नाथन मैकस्वीनी की जगह सैम कोंस्टास को जगह दी गई है। सैम कोंस्टास का यह टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू होगा। इसके अलावा बोलैंड को चोटिल जोश हेजलवुड की जगह टीम में जगह दी गई है। इससे पहले बताया जा रहा था कि अगर ट्रेविस हेड फिट नहीं होते हैं तो जोश इंगलिस को उनकी जगह टीम में जगह दी जाएगी
*कोंस्टास करेंगे डेब्यू*
कोंस्टास ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के बाद टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बनेंगे। कमिंस ने 2011 में 18 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा, 'हम टीम बैठक से पहले अपनी बल्लेबाजी इकाई को लेकर स्पष्टता चाहते थे। हम अमूमन इस तरह का खुलासा नहीं करते हैं लेकिन हम चाहते थे कि हर कोई यह जान ले कि वह टीम में है।'
*ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन*
उस्मान ख्वाजा, सैम कोंस्टास, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन और स्कॉट बोलैंड।
*1950 में खेला गया था पहला बॉक्सिंग डे टेस्ट*
पहला बॉक्सिंग डे टेस्ट 1950 में खेला गया था। 26 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका में शुरू होने वाले हर टेस्ट को बॉक्सिंग डे टेस्ट कहा जाता है। भारत ने अब तक 16 ऐसे टेस्ट खेले हैं। इस बॉक्सिंग डे टेस्ट का मुक्केबाजी या इस तरह के किसी खेल से कोई नाता नहीं है। दरअसल, क्रिसमस डे (25 दिसंबर) के अगले दिन को कई देशों में बॉक्सिंग डे के नाम से जाना जाता है।
दुनिया में अलग-अलग देशों में इस दिन को लेकर अलग-अलग कहानियां हैं। कई देशों में इसका कनेक्शन क्रिसमस बॉक्स से बताया जाता है, वहीं कई जगहों पर चर्च में त्योहार के दिन गरीबों को गिफ्ट में दिए जाने वाले बॉक्स से जोड़ा जाता है। क्रिकेट में 'बॉक्सिंग डे टेस्ट' शब्द की शुरुआत 1892 में हुई थी। रोहित शर्मा पहली बार बॉक्सिंग डे टेस्ट में कप्तानी करते दिखेंगे।
*भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉक्सिंग-डे टेस्ट रिकॉर्ड*
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक नौ बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच खेले गए हैं। इनमें से टीम इंडिया को महज दो मुकाबलों में जीत मिली है। पांच मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं। हालांकि, इसमें सबसे अच्छी बात यह है कि इन दोनों टीमों के बीच पिछले दो बॉक्सिंग डे टेस्ट भारत ने जीते हैं। 2020 में रहाणे की कप्तानी में टीम इंडिया ने आठ विकेट और 2018 में कोहली की कप्तानी में भारत ने 137 रन से जीत हासिल की थी। 2014 का मैच ड्रॉ रहा था। वहीं, 1991 से लेकर 2011 तक ऑस्ट्रेलिया ने लगातार पांच बॉक्सिंग डे टेस्ट जीते। दोनों के बीच पहला बॉक्सिंग डे टेस्ट 1985 में खेला गया था, जो ड्रॉ रहा था।