मोहाली में हादसा: चार मंजिला इमारत ढहने से हुआ था ऐसा कंपन... भूचाल की आशंका से सहम गए थे लोग,

मोहाली में हादसा: चार मंजिला इमारत ढहने से हुआ था ऐसा कंपन... भूचाल की आशंका से सहम गए थे लोग,

*मोहाली में हादसा: चार मंजिला इमारत ढहने से हुआ था ऐसा कंपन... भूचाल की आशंका से सहम गए थे लोग*

गांव सोहाना में बेसमेंट की खुदाई के दाैरान साथ लगी इमारत गिर गई। हादसे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। सेना बचाव और राहत कार्य में जुटी है। मलबे से निकाली गई हिमाचल प्रदेश की दृष्टि की देर रात माैत हो गई।।

मोहाली के गांव सोहाना में शनिवार को बेसमेंट की खोदाई के दौरान एक चार मंजिला बिल्डिंग ताश के पत्तों की तरह ढह गई। मलबे में दबने से दो लोगों की माैत हो गई है। वहीं कई लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य पूरी रात चलता रहा।  


सोहाना थाना पुलिस की टीम और आसपास के लोगों की मदद से सेना बचाव कार्य में जुटी है। एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि साहिबजादा अजीत सिंह नगर पुलिस ने बिल्डिंग मालिक परविंदर सिंह और गगनदीप सिंह निवासी चाओ माजरा के खिलाफ शनिवार रात को सोहाना पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खोदाई की अनुमति आरोपियों के पास नहीं थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।

*ऐसे हुआ हादसा*

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे बेसमेंट की खोदाई करते समय यह बिल्डिंग अचानक ढह गई गई। आसपास के लोगों के अनुसार इस बिल्डिंग के गिरने के समय कुछ लोग उसके अंदर मौजूद थे। बिल्डिंग में एक जिम भी चल रहा था। हादसे के तीन घंटे बाद एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। एनडीआरएफ टीम ने मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया। बिल्डिंग गिरने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करवा दिया

*सीएम ने फोन पर अफसरों से ली जानकारी*

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोहाना में गिरी चार मंजिला बिल्डिंग के हादसे के बाद फोन पर बचाव कार्य की जानकारी ली। इसके साथ ही वह वहां की हर स्थिति पर फोन के जरिए जिला प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री मान ने बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने पश्चिमी कमांड से सेना भेजने को कहा ताकि राहत और बचाव कार्यों में मदद मिल सके।

*मुझे लगा भूचाल आया, बाहर आई तो दिखी मलबे में जिंदगी की तलाश*

मैं अपने घर में आधी नींद में थी, एकदम से धमाकों की आवाज सुनाई देने लगी। मैं तुरंत ही उठी, ऐसा लगा मानो भूचाल आ गया हो। अपने घर वालों को जल्दी से जल्दी बाहर निकलने को कहने लगी। लेकिन जैसे ही मैं खुद बाहर आई तो देखा कि बिल्डिंग जमींदोज हो गई है। बिल्डिंग का मलबा पड़ा है और काफी लोग उसमें जिंदगियां तलाश रहे हैं। यह कहना है ढही हुई इमारत के करीब दो से तीन घर दूर रहने वाली सुखविंदर कौर का। सुखविंदर कौर पैंसठ वर्ष की हैं और सोहाना में रहती हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही मैंने यह मंजर देखा तो मेरे होश उड़ गए। सवाल कई उठने लगे, आखिर कैसे हो गया यह हादसा। जब मालूम किया तो पता चला कि खोदाई हो रही थी और सारा हादसा खोदाई के कारण ही हुआ।