डोनाल्ड ट्रंप का दावा- कई कनाडाई चाहते हैं कनाडा 51वां अमेरिकी राज्य बने, कहा- यह बहुत अच्छा विचार

डोनाल्ड ट्रंप का दावा- कई कनाडाई चाहते हैं कनाडा 51वां अमेरिकी राज्य बने, कहा- यह बहुत अच्छा विचार

*डोनाल्ड ट्रंप का दावा- कई कनाडाई चाहते हैं कनाडा 51वां अमेरिकी राज्य बने, कहा- यह बहुत अच्छा विचार*

डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को लेकर दावा किया है कि कई कनाडाई यह चाहते हैं कि कनाडा अमेरिका का 51वां राज्य बने और यह अच्छा विचार है। उन्होंने इसके फायदे गिनाए। कहा कि इस तरह के कदम से कनाडाई लोगों को कम करों और बेहतर सैन्य सुरक्षा का फायदा होगा।

कनाडा को अमेरिका में मिलाने की बात फिर से कही है। उन्होंने कहा कि देश को अमेरिका का 51वां राज्य बनने पर विचार करना चाहिए। ट्रंप ने कहा कि इस तरह के कदम से कनाडाई लोगों को कम करों और बेहतर सैन्य सुरक्षा का फायदा होगा। उन्होंने इस विचार को 'महान' बताया और कहा कि कई कनाडाई इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, 'कोई भी यह नहीं बता सकता कि हम कनाडा को हर साल $100,000,000 से ज्यादा की सब्सिडी क्यों देते हैं? इसका कोई मतलब नहीं है! उन्होंने कहा, कई कनाडाई चाहते हैं कि कनाडा 51वां राज्य बने। वे करों और सुरक्षा पर बड़ी बचत करेंगे। मुझे लगता है कि यह एक अच्छा विचार है।'

*ट्रंप ने पीएम ट्रूडो को गवर्नर करार दिया*

एक दिन पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के वित्त मंत्री और उपप्रधानमंत्री क्रिस्टिया फ्रीलैंड के इस्तीफे के बाद कनाडा की सत्तारूढ़ पार्टी में पैदा हुई परेशानियों पर टिप्पणी की थी। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को 'कनाडा का गवर्नर' करार दिया और कहा कि फ्रीलैंड का व्यवहार कनाडाई नागरिकों के लिए अच्छे निर्णय लेने के लिए अनुकूल नहीं था।

*-डॉलरीकरण को लेकर दी थी अतिरिक्त टैरिफ की धमकी*

इस महीने की शुरुआत में ट्रंप ने अमेरिकी उद्योगों की रक्षा करने और डॉलर से संबंधित चिंताओं को दूर करने के लिए अपनी आर्थिक नीतियों के तहत भारी शुल्क लगाने की धमकी दी थी। इनमें चीन से आयात पर 10 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ और कनाडा और मैक्सिको पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रस्ताव शामिल है। इन नीतियों से व्यापार में रुकावट आ सकती है, जो भारतीय निर्यातकों के लिए इन बाजारों में हिस्सेदारी बढ़ाने के मौके खोल सकता है।