बांग्लादेश के रास्ते बंगाल में घुसने की फिराक में आतंकी, तलाश में जुटी खुफिया पुलिस
*बांग्लादेश के रास्ते बंगाल में घुसने की फिराक में आतंकी, तलाश में जुटी खुफिया पुलिस*
बांग्लादेश में इस समय अशांति फैली हुई है। पड़ोसी देश में हिंदुओं के साथ अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। इस बीच खुफिया पुलिस को बड़ी जानकारी मिली है। जानकारी के अनुसार बंगाल में आतंकी संगठन हिजबुत तहरीर (हिज्ब-उत-तहरीर) के कुछ सदस्यों ने प्रवेश किया है। खुफिया पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। एजेंसियों ने पुलिस को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बांग्लादेश में अशांति के बीच बंगाल में आतंकी संगठन हिजबुत तहरीर (हिज्ब-उत-तहरीर) के कुछ सदस्यों ने प्रवेश किया है। खुफिया पुलिस को पता चला है कि ये मालदा, मुर्शिदाबाद आदि मुस्लिम बहुल जिलों में युवाओं का ब्रेनवाश कर नेटवर्क बनाने की कोशिश में हैं। उन्होंने बांग्लादेश की सीमा से लगे कुछ इलाकों में स्लीपर सेल बनाने की भी कोशिश की है। खुफिया पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
*बंगाल में घुसे दो संदिग्ध*
सूत्रों ने बताया कि खुफिया एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि हिजबुत तहरीर के दो सहयोगी हाल ही में वैध बांग्लादेशी पासपोर्ट के साथ बंगाल आए। ये सदस्य छात्रों के रूप में आए और मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में स्थानीय युवाओं के साथ बैठकें कीं। खुफिया इनपुट के अनुसार इन्होंने शुरू में इन दोनों जिलों में युवाओं के साथ धार्मिक मुद्दों पर बातचीत की और उसके बाद सीमावर्ती जिलों में स्लीपर सेल खोलने के स्तर तक बातचीत की। इन दो बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान रिदवान मारूफ और सब्बीर आमिर के रूप में हुई है।
*बढ़ाई गई समुद्री तट पर निगरानी*
इससे पहले भोपाल समेत देश के कुछ हिस्सों से हिजबुत तहरीर के कुछ सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बता दें कि गत अक्टूबर में गृह मंत्रालय ने येरुसलम के इस्लामिक कट्टरपंथी संगठन को आधिकारिक तौर पर प्रतिबंध लगाकर आतंकी संगठन घोषित कर दिया है। केंद्र और राज्य दोनों की सुरक्षा एजेंसियों ने बंगाल में बांग्लादेश के साथ अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आइएमबीएल) पर निगरानी बढ़ा दी है।
एजेंसियों ने बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध रूप से सीमा पार करने की आशंका जताई है। इनमें भूमिगत संगठनों के सदस्य भी शामिल हैं, जो वहां चल रहे संकट के बीच फिर से सक्रिय हो गए हैं। बता दें कि पिछले दिनों दो बांग्लादेशी समुद्री जहाजों को आइएमबीएल पारकर भारतीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में पकड़ा गया था।