पूर्णिया में भीषण सड़क हादसा, छह बाइक सवारों की मौत; परिवार में मचा कोहराम
*पूर्णिया में भीषण सड़क हादसा, छह बाइक सवारों की मौत; परिवार में मचा कोहराम*
पूर्णिया में दो भीषण सड़क हादसे में 6 बाइक सवारों क मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। पहली बाइक तो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई वहीं दूसरी बाइक एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया जिससे तीन बाइक सवारों को रौंद दिया। पुलिस जांच में जुट गई है।
पूर्णिया जिले में रविवार की देर शाम अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में छह बाइक सवारों की मृत्यु हो गई। पहली घटना टीकापट्टी क्षेत्र स्थित टीकापट्टी-बघवा पथ पर लंका टोला के समीप हुई। यहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवारों की मौत हो गई।
*बाइक के उड़े परखच्चे*
बाइक के भी परखच्चे उड़ गए। तीनों युवक टीकापट्टी गांव के ही रहने वाले थे। इनकी पहचान नीरज मंडल के 20 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार, रामानंद यादव के 19 वर्षीय पुत्र जिम्मी आनंद एवं मनोज चौधरी के 19 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई।
पंचाायत के मुखिया प्रतिनिधि कालेश्वर मंडल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि तीनों युवक किसी कार्य से बाइक से बघवा गए थे। लौटने के दौरान बाइक की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना हुई। घटनास्थल पर ही एक युवक ने दम तोड़ दिया था, जबकि दो की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हो गई।
*दूसरी दुर्घटना एनएच 31 पर बंजारा पेट्रोल पंप के पास हुई*
वहीं, दूसरी दुर्घटना डगरूआ थाना क्षेत्र स्थित एनएच 31 पर बंजारा पेट्रोल पंप के पास हुई। यहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मृत्यु हो गई। तीनों युवक महथौर पंचायत के चमुआ गांव के रहने वाले थे।
इनकी पहचान मो. साबिर, अरुण राम और अशोक राम के रूप में हुई। बताया जाता है कि तीनों युवक गुलाबबाग मंडी से बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बंजारा पेट्रोल पंप के पास दुर्घटना के शिकार हो गए। सड़क पर तीनों युवकों के बिखरे शरीर को देखने के बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना किस वाहन से हुई, इसका पता नहीं चल पाया है।