Delhi Pollution: दिल्ली में सांसों पर संकट, बेहद गंभीर श्रेणी में पहुंचा AQI; देखें पूरे NCR का हाल
*Delhi Pollution: दिल्ली में सांसों पर संकट, बेहद गंभीर श्रेणी में पहुंचा AQI; देखें पूरे NCR का हाल*
दिल्ली में आज भी वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई है जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और गले में खराश जैसी समस्याएं हो रही हैं। मुंडका में AQI 637 दर्ज किया गया जो सबसे अधिक है। मौसम विभाग ने 28 और 29 नवंबर को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया था लेकिन आज सुबह कोहरा कम रहा।
राजधानी दिल्ली में आज यानी शुक्रवार को एक्यूआई गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। एक्यूआईसीएन (aqicn) के अनुसार, आज सुबह करीब सात बजे दिल्ली के मुंडका में सबसे ज्यादा 637 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा और कई इलाकों में एक्यूआई गंभीर श्रेणी में ही रहा।
बता दें कि दिल्ली की हवा जहरीली होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों को गले में खराश और सांस में लेने दिक्कत जैसी समस्याएं हो रही हैं।
वहीं, कोहरे की बात करें तो आज सुबह भी घना कोहरा नहीं देखा गया। वैसे मौसम विभाग ने 28 और 29 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया था। आज सुबह कोहरा कम होने से हाईवे पर वाहनों को भी कम परेशानी हुई।
*प्रतिबंध से संकट में टूरिज्म वाहन चालक*
वायु प्रदूषण के चलते लगे प्रतिबंध से बीएस-4 वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई है। दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में टूर, टैक्सी मालिकों व चालकों ने वायु गुणवत्ता में सुधार के साथ ही उनके आजीविका पर संकट के मद्देनजर प्रतिबंध से राहत देने की मांग की। ये सभी जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन में जुटे थे।
*हम सभी कर्ज में डूब जाएंगे*
कहा कि अगर ये गाड़ियां नहीं चलेंगी तो हम सभी कर्ज में डूब जाएंगे। अगर सरकार नहीं चलाना चाहती है तो उनका खर्च वहन करें और बाकि चीजों में राहत दें।