लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित, राहुल गांधी ने सरकार पर लगाया अडाणी को बचाने का आरोप
*लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित, राहुल गांधी ने सरकार पर लगाया अडाणी को बचाने का आरोप*
शीतकालीन सत्र के दौरान संसद में भारी हंगाम देखने को मिल रहा है। बुधवार को जैसे ही लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया। विपक्ष के सांसदों के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष लगातार संसद में संभल में हुए उपद्रव और अडाणी से जुड़े मामले में चर्चा की मांग कर रहा है।
विपक्ष के हंगामे के कारण संसद की कार्यवाही सुचारु रुप से नहीं चल पा रही है। बुधवार को शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन जैसे ही लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्ष के भारी हंगामे के कारण कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।
लोकसभा में चर्चा शुरू होते ही विपक्ष के सांसदों ने भारी हंगामा किया। इसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। जैसे ही 12 बजे कार्यवाही शुरू की गई विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई।
दरअसल, विपक्षी सांसद लोकसभा में यूपी के संभल में हुए उपद्रव और अडाणी से जुड़े मामले में चर्चा की मांग कर रहे हैं। विपक्ष की मांग पर लोकसभा स्पीकर ने कहा कि सदन चलने दें। हर मुद्दे पर चर्चा कराई जाएगी।