By Election 2024: पांच राज्यों की 15 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर आज हो रहा उपचुनाव, दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
*By Election 2024: पांच राज्यों की 15 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर आज हो रहा उपचुनाव, दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर*
चार राज्यों उत्तर प्रदेश पंजाब केरल और उत्तराखंड की 15 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहा है। इसी के साथ ही महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन के बाद खाली हुई थी। सांसद बनने के सिर्फ दो महीने बाद ही उनका देहांत हो गया था। वहीं कांग्रस ने उनके बेटे रवींद्र चव्हाण को उम्मीदवार बनाया है
नई दिल्ली। आज देश में दो राज्यों में विधानसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव के लिए भी वोट डाले जाएंगे। पांच राज्यों की 15 विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए मतदाता अपना नेता चुनेंगे। चार राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, केरल और उत्तराखंड की 15 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहा है। हालांकि, उपचुनाव के नतीजों का संबंधित विधानसभाओं पर कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा। वहीं, महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है।
*यूपी की कई विधानसभा सीटों पर हो रहा उपचुनाव*
उत्तर प्रदेश में कटेहरी, करहल, मीरापुर, गाजियाबाद, मझावां, सीसामऊ, खैर, फूलपुर और कुंदरकी में मतदान होगा। इन सीटों पर नब्बे उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें सबसे ज्यादा गाजियाबाद में 14 उम्मीदवार हैं। लोकसभा चुनाव के बाद राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में यह इंडिया ब्लॉक के साथ-साथ एनडीए की पहली चुनावी परीक्षा होगी।
2022 के विधानसभा चुनाव में सीसामऊ, कटेहरी, करहल और कुन्दरकी सीटें सपा ने जीतीं, जबकि फूलपुर, गाजियाबाद, मझावन और खैर भाजपा ने जीतीं थी, मीरापुर सीट भाजपा की सहयोगी आरएलडी ने जीती थी। इस बार के यूपी उपचुनाव में सीएम योगी की प्रतिष्ठा दांव पर है क्योंकि अलीगढ़ के खैर में योगी ने कई रैलियां की हैं।