पैसे बांटने के आरोप पर विपक्ष ने भाजपा को घेरा, राहुल बोले- यह पांच करोड़ किसके सेफ से निकले

पैसे बांटने के आरोप पर विपक्ष ने भाजपा को घेरा, राहुल बोले- यह पांच करोड़ किसके सेफ से निकले

*पैसे बांटने के आरोप पर विपक्ष ने भाजपा को घेरा, राहुल बोले- यह पांच करोड़ किसके सेफ से निकले*

शिवसेना (उद्धव) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने वीडियो जारी करते हुए आरोप लगाया कि विरार के होटल में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े नकदी बांटते हुए पाए गए। वीडियो में नकदी के ढेर दिखाई दे रहे हैं। यह पांच करोड़ रुपये के बराबर हैं। एक डायरी भी मिली है। इसमें पैसे पाने वालों के नाम दर्ज हैं।

महाराष्ट्र में भाजपा पर लगे पैसे बांटने के आरोप पर विपक्ष ने हमला बोला है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शिवसेना उद्धव के प्रमुख उद्धव ठाकरे, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि मोदी जी यह पांच करोड़ किसके सेफ से निकला है? जनता का पैसा लूटकर आपको किसने टेंपो में भेजा? उन्होंने कांग्रेस की ओर से एक्स पर पोस्ट किया गया वीडियो भी साझा किया।

वहीं शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि मामले में सबूतों के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए। अन्यथा महाराष्ट्र खुद ही कार्रवाई करेगा। मैंने भगवान से प्रार्थना की कि महाराष्ट्र में भ्रष्ट राक्षसों का राज खत्म हो। मैंने प्रार्थना की है कि ऐसी सरकार आए जो महाराष्ट्र की संस्कृति को संवारेगी।

*पहले वोट जिहाद की बात और नोट जिहाद का ले रहे सहारा: नाना पटोले*

महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि हमें बताया गया है कि विनोद तावड़े के पास से एक डायरी बरामद हुई है। इसमें पता चला है कि 10 करोड़ रुपये पहले ही बांटे जा चुके हैं। कल भी उनके पास से पांच करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। मुझे उम्मीद है कि चुनाव आयोग ने भाजपा नेताओं के लिए कोई नया नियम नहीं बनाया है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वे पहले वोट जिहाद की बात कर रहे थे, लेकिन अब नोट जिहाद का सहारा ले रहे हैं। अब कोई भी उन पर और उनके बहानों पर विश्वास नहीं करेगा। जब चुनाव प्रचार समाप्त हो गया, तो विनोद तावड़े अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को पत्र क्यों बांट रहे थे?

*लोगों की आवाज खरीदने की कोशिश: क्रैस्टो*

एनसीपी शरद गुट के नेता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा कि नालासोपारा से जो वीडियो सामने आए हैं, उनसे यह बिल्कुल स्पष्ट है कि भाजपा महासचिव विनोद तावड़े वोट पाने के लिए पैसे बांट रहे थे। यह एक गंभीर अपराध है। चुनाव लोकतंत्र का हिस्सा हैं और लोगों की आवाज़ विनोद तावड़े खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। मेरा मानना है कि एफआईआर पहले ही दर्ज हो चुकी है, लेकिन यह यहीं नहीं रुकनी चाहिए। अगर उन्होंने यह अपराध किया है, तो उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। चुनाव आयोग को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। पिछले दिनों में महाराष्ट्र में जहां भी पैसे बरामद हुए हैं, वहां भाजपा के लोग शामिल रहे हैं।