UP By Election: उपचुनाव को लेकर भाजपा-सपा में और तेज हुआ पोस्टर वार, कांग्रेस भी सियासी जंग में शामिल
*UP By Election: उपचुनाव को लेकर भाजपा-सपा में और तेज हुआ पोस्टर वार, कांग्रेस भी सियासी जंग में शामिल*
उत्तर प्रदेश में उपचुनाव को लेकर भाजपा-सपा के बीच सोशल मीडिया पर पोस्टर वार तेज हो गया है। भाजपा ने सपा पर हमला करते हुए ठग लाइफ और आज का औरंगजेब जैसे पोस्टर जारी किए हैं। सपा ने भी जवाबी हमला करते हुए अपराध लूट और दुष्कर्म के मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरा है। कांग्रेस भी इस सियासी जंग में शामिल होकर भाजपा पर हमले कर रही है।
उपचुनाव को लेकर बंटेंगे तो कटेंगे नारे के बाद सोशल मीडिया पर छिड़े पोस्टर वार में भाजपा ने सपा पर सियासी हमले और तेज कर दिए हैं।
भाजपा ने वर्ष 2018 में आई अमिताभ बच्चन व आमिर खान की फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान के पोस्टर की तर्ज पर ठग लाइफ शीर्षक से सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्टर जारी किया है। इस पर लिखा है, ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी प्रेजेंट्स जीतेंगे तो लूटेंगे’। वहीं, पलटवार में सपा भी पीछे नहीं है। सपा ने एक्स पर पोस्टर जारी कर जवाबी हमला किया है कि हत्या, लूट, दुष्कर्म जारी, सत्ता में बैठे हैं अत्याचारी।
उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव को लेकर लेकर सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल सपा में जुबानी जंग के साथ ही सोशल मीडिया पर पोस्टर के जरिये एक-दूसरे की बखिया उधेड़ने की प्रतिस्पर्धा तीखी होती जा रही है।
*सपा ने भी भाजपा को घेरा*
सपा ने भी विभिन्न मुद्दों को लेकर पलटवार कर एक्स पर भाजपा को घेरा है। सपा यूपी का अपराधनामा धारावाहिक शीर्षक से रोजाना प्रदेश में हो रहे अपराधों को लेकर भाजपा सरकार को घेर रही है।
इसी कड़ी में सपा ने सरकार के करीबी एक अधिकारी को निशाने पर लेते हुए सारनाथ में जुआ की राशि लेकर चंपत होने की एक घटना का जिक्र कर लिखा है वर्दी वाला लुटेरा।
सपा अध्यक्ष ने एक पोस्ट में प्रदेश में खाद के संकट को लेकर भी भाजपा को घेरते हुए लिखा है कि बिक रही है खाद ऊंचे दाम में, भ्रष्ट भाजपाइयों के गोदाम में। वहीं अब तक डरे हुए थे, अब हिले हुए हैं और कई अन्य पोस्ट के जरिये भी सपा लगातार भाजपा पर हमले कर रही है।
कांग्रेस भी इस सियासी जंग में पीछे नहीं है। कानून व्यवस्था व भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर कांग्रेस भी सोशल मीडिया पर लगातार भाजपा को घेरने में लगी है।