अमेरिका में नए राष्ट्रपति के लिए चुनाव आज, ओपिनियन पोल में हैरिस और ट्रंप के बीच कड़ा मुकाबला*

अमेरिका में नए राष्ट्रपति के लिए चुनाव आज, ओपिनियन पोल में हैरिस और ट्रंप के बीच कड़ा मुकाबला*

*अमेरिका में नए राष्ट्रपति के लिए चुनाव आज, ओपिनियन पोल में हैरिस और ट्रंप के बीच कड़ा मुकाबला*

अमेरिका में आज राष्ट्रपति का चुनाव है। सात करोड़ से अधिक मतदाता पहले ही मतदान कर चुके हैं। राष्ट्रपति के चुनाव में कुल आठ प्रत्याशी खड़े हैं। मगर मुकाबला कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच है। सबकी निगाहें इस बार के चुनाव में सात स्विंग राज्यों पर टिकीं हैं। इन राज्यों में जिसने जीत दर्ज की... वही राष्ट्रपति की कुर्सी तक पहुंचेगा।

आने वाले चार वर्षों के लिए अमेरिका और विश्व की दिशा तय होने घड़ी आ गई है। मंगलवार को प्रात: अमेरिका में नए राष्ट्रपति को चुनने के लिए मतदान शुरू होगा और देर रात तक शायद तय हो जाएगा कि वहां का अगला पथ प्रदर्शक कौन होगा। वैसे तो अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में कुल आठ प्रत्याशी हैं लेकिन मुख्य मुकाबला भारतीय मूल की उप राष्ट्रपति व डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी कमला देवी हैरिस और रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच है।

*हैरिस जीतीं तो तीसरे विश्वयुद्ध का खतरा: ट्रंप*

मतदान से पहले कुछ घंटों तक दोनों मतदाताओं को अपने-अपने पक्ष में करने की भरसक कोशिश करते दिखाई दिए। ट्रंप ने आगाह किया है कि हैरिस जीतीं तो तीसरे विश्वयुद्ध का खतरा है जिसमें दुनिया नष्ट हो जाएगी। कमला हैरिस जीतती हैं तो वह भारतीय मूल के लोगों के लिए गर्व का बड़ा विषय होने के साथ ही इतिहास बदलने वाला जनादेश होगा। करीब 235 वर्षों राष्ट्रपति चुनावों के इतिहास में पहला मौका होगा जब कोई महिला अमेरिका की राष्ट्रपति बनेगी।

*ट्रंप और हैरिस के बीच कड़ा मुकाबला*

प्रचार के अंतिम दिन कमला हैरिस ने अश्वेत और अरब मूल के मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रयास किए। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप ने पेनसिल्वेनिया की रैली में खुद पर हमले के लिए सहानुभूति प्राप्त करने की कोशिश की। ओपिनियन पोल जता रहे हैं कि दोनों प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला है।

*7.7 करोड़ मतदाता कर चुके मतदान*

60 वर्षीय कमला को हर वर्ग की महिलाओं के बड़े हिस्से का समर्थन मिल रहा है तो 78 वर्षीय ट्रंप को लैटिन अमेरिकी देशों से संबंधित मतदाताओं और पुरुषों का बड़ा वर्ग समर्थन दे रहा है। मंगलवार को मतदान की निर्धारित तिथि से पहले ही अमेरिका के 7.7 करोड़ मतदाता वैकल्पिक तरीकों से मतदान कर चुके हैं।

*ट्रंप ने ओपिनियन पोल को बताया फर्जी*

टेलीप्रोम्पटर के परे रखकर ट्रंप ने चिर-परिचित बिंदास अंदाज में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने उन ओपिनियन पोल को फर्जी बताया जो कमला हैरिस को मुकाबले में बता रहे हैं। पूर्व राष्ट्रपति ने हैरिस को अक्षम, कमजोर और असंतुलित करार दिया। कहा कि डेमोक्रेट प्रत्याशी के जीतने पर दुनिया तीसरे विश्वयुद्ध के करीब पहुंचेगी जबकि उनके जीतने पर अमेरिका का पुराना गौरव और समृद्धि वापस आएगी।