झारखंड चुनाव के लिए राजद ने जारी की 6 उम्मीदवारों की सूची, जानिए किसे कहां से मिला टिकट
*झारखंड चुनाव के लिए राजद ने जारी की 6 उम्मीदवारों की सूची, जानिए किसे कहां से मिला टिकट*
झारखंड में इंडिया गठबंधन के तहत आरजेडी को 6 सीटें मिली है। चतरा से मंत्री सत्यानंद भोक्ता की बहू रश्मि प्रकाश को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि कोडरमा से सुभाष यादव आरजेडी प्रत्याशी होंगे।
झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने पहली लिस्ट का ऐलान किया गया है। झारखंड में इंडिया गठबंधन के तहत आरजेडी को 6 सीटें मिली है। चतरा से मंत्री सत्यानंद भोक्ता की बहू रश्मि प्रकाश को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि कोडरमा से सुभाष यादव आरजेडी प्रत्याशी होंगे।
चतरा से मंत्री सत्यानंद भोक्ता की बहू रश्मि प्रकाश को और कोडरमा से सुभाष यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। राजद ने देवघर से सुरेश पासवान को, गोड्डा से संजय प्रसाद यादव, विश्रामपुर से नरेश प्रसाद सिंह और हुसैनाबाद से संजय कुमार सिंह प्रत्याशी को उम्मीदवार बनाया है।
*हेमंत सोरेन फिर से झारखंड के मुख्यमंत्री होंगे: तेजस्वी यादव*
इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को कहा कि सीटों को लेकर सहमति बन गयी है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। इंडिया गठबंधन एकजुट है और हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हेमंत सोरेन फिर से झारखंड के मुख्यमंत्री होंगे। सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है और राजद की सीटों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। उन्होंने भाजपा पर झारखंड को बर्बाद करने और संविधान विरोधी तथा आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगाया। झारखंड में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 13 नवंबर और 20 नवंबर को होंगे तथा मतगणना 23 नवंबर को होगी।
*कांग्रेस ने सोमवार को जारी की थी सूची*
इससे पहले कांग्रेस ने सोमवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। जिसमें प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य अजय कुमार और कुछ अन्य मंत्रियों को फिर से टिकट दी गई है। उरांव को उनकी मौजूदा लोहरदगा सीट से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है। भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी अजय कुमार को जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। कुमार जमशेदपुर से लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं। राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी को उनके वर्तमान क्षेत्र जामताड़ा से फिर से मैदान में उतारा गया है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को जमशेदपुर पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है।
*तेजस्वी की कोई 'ब्रांड वैल्यू' नहीं: हिमंत*
असम के मुख्यमंत्री और झारखंड प्रभारी हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव की कोई ‘ब्रांड वैल्यू’(अहमियत) नहीं है, क्योंकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के घर तीन बार जाने के बावजूद वह झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पर्याप्त सीट हासिल करने में 'नाकाम' रहे।