वेलकम इलाके में दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, 50 राउंड चली गोलियां; एक लड़की घायल
*वेलकम इलाके में दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, 50 राउंड चली गोलियां; एक लड़की घायल*
उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में 50 राउंड गोलिया चलने का मामला सामने आया है। यह फायरिंग दो गुटों के बीच हुई है जिनमें रुपयों को लेकर विवाद था। इस दौरान एक युवती को गोली लग गई। जिसका नाम इफरा (22) है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई है। मामले की जांच की जा रही है।
नई दिल्ली। वेलकम इलाके में शनिवार शाम को रुपयों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच जमकर बवाल हुआ। एक पक्ष ने गली में ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घर की बालकनी से झगड़ा देख रही एक युवती के कंधे में गोली जा लगी। गंभीर हालत में इफरा (22) को पुलिस ने जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि 50 से अधिक राउंड गोलियां चली हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि मौके से 17 खाली कारतूस बरामद हुए हैं। वेलकम थाना ने मौके से सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। फुटेज से फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है। चार लोगों को हिरासत में लिया है।