आज दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे नायब सैनी, पीएम रहेंगे माैजूद
*आज दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे नायब सैनी, पीएम रहेंगे माैजूद*
हरियाणा में विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। चुनाव से कुछ समय पहले अल्पकाल के लिए सीएम पद संभालने वाले नायब सैनी आज दोबारा सीएम पद की शपथ लेेंगे। पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी भी इस दाैरान माैजूद रहेंगे।
*मनसा देवी मंदिर में नतमस्तक हुए सैनी*
शपथ ग्रहण से पहले नायब सैनी मनसा देवी मंदिर पहुंचे और मां का आशीर्वाद लिया।
*शपथ ग्रहण समारोह के लिए लगाईं हरियाणा रोडवेज की 2015 बसें*
पंचकूला में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के लिए हरियाणा रोडवेज की 2015 बसें लगाई गईं हैं, जो लोगों को समारोह स्थल तक लाने-ले जाने में इस्तेमाल होंगी। इस संबंध में सभी जिलों के रोडवेज अधिकारियों को विभाग की तरफ से निर्देश जारी किए गए हैं। सफर करने वालों के लिए पूड़ी, आलू जीरा, सफेद छोले, चावल, अचार, लड्डू, फ्रूटी, वाटर बोतल की व्यवस्था भी बसों में ही की गई है।
अंबाला से 150, भिवानी से 90, चरखी दादरी से 40, गुरुग्राम से 15, फरीदाबाद से 50, फतेहाबाद से 60, हिसार से 125, जींद से 80, झज्जर से 70, करनाल से 250, कैथल से 150, कुरुक्षेत्र से 150, नूंह से 10, महेंद्रगढ़ से 50, पानीपत से 150, पंचकूला से 100, पलवल से 40, रोहतक से 75, रेवाड़ी से 60, सिरसा से 50, सोनीपत से 100 और यमुनानगर से 100 के अलावा अन्य बसें समारोह स्थल पर पहुंचेंगी
*दूसरी बार लेंगे सीएम पद की शपथ*
नायब सैनी आज दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके साथ कुछ और मंत्री भी शपथ लेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और नेता शामिल होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को ही शहर पहुंच गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दूसरे वीवीआईपी बृहस्पतिवार को पहुंचेंगे। इसे देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
*बीस राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल*
शपथ ग्रहण समारोह में बीस राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल रहेंगे। सैनी के साथ 10 से 12 मंत्री शपथ ले सकते हैं। शपथ से पहले वे 25,562 नाैकरियों के परिणाम जारी करेंगे।