22 विमानों में बम की धमकी, दिल्ली से शिकागो जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट कनाडा की ओर मोड़ी गई

22 विमानों में बम की धमकी, दिल्ली से शिकागो जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट कनाडा की ओर मोड़ी गई

*22 विमानों में बम की धमकी, दिल्ली से शिकागो जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट कनाडा की ओर मोड़ी गई*

एक पोस्ट में 22 अलग-अलग फ्लाइटों में बम होने की धमकी दी गई। इसके बाद यात्रियों और एयरलाइन स्टाफ में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं

एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये मंगलवार को 22 विमानों में बम की धमकी दी गई। इसमें एयर इंडिया की दिल्ली से शिकागो जा रही फ्लाइट में बम होने की बात कही गई। इसके बाद फ्लाइट को कनाडा की ओर मोड़ दिया गया। जहां फ्लाइट की जांच की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक सभी धमकियां फर्जी निकलीं।

एक्स के जरिये एक पोस्ट में पांच घंटे में 22 अलग-अलग फ्लाइटों में बम की धमकी दी गई। इसके बाद यात्रियों और एयरलाइन स्टाफ में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर-बंगलूरू वाया अयोध्या फ्लाइट (IX765) में बम की धमकी दी गई। इस विमान को अयोध्या में उतारा गया और जांच की गई। इसके अलावा स्पाइसजेट के दरभंगा-मुंबई विमान (SG116) और अकासा के सिलीगुड़ी-बंगलूरू विमान (QP 1373) में भी बम होने की धमकी मिली। सूचना मिलने तक यह दोनों विमान लैंड कर चुके थे। एयरपोर्ट पर दोनों विमानों की सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस बल ने जांच की।

इसके अलावा एयर इंडिया की दिल्ली से शिकागो जा रही फ्लाइट AI127 में भी बम होने की धमकी दी गई। यह फ्लाइट शिकागो रवाना हो चुकी थी। सूचना मिलने पर विमान को कनाडा के इकालुइट एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। यहां फ्लाइट की जांच की गई। एयर इंडिया के मुताबिक एयरक्राफ्ट और यात्रियों की फिर से सुरक्षा जांच की जा रही है। एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। जैसे ही दोबारा सेवा शुरू होगी, तो यात्रियों की मदद की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली है।

इसके साथ ही एलांयस एयर लाइन की अमृतसर देहरादून दिल्ली फ्लाइट (9I 650) में भी बम की धमकी मिली। एलायंस एयर के अधिकारी ने कहा कि अमृतसर-देहरादून-दिल्ली उड़ान में सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। विमान की देहरादून हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच की जा रही है।


उधर, एयर इंडिया एक्सप्रेस की मदुरै-सिंगापुर फ्लाइट (IX 684) में भी बम की सूचना पर अधिकारी सतर्क हो गए। बताया जाता है कि मदुरै-सिंगापुर विमान की लैंडिंग के लिए सिंगापुर के अधिकारियों से मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। संदिग्ध एक्स हैंडल ने संबंधित एयरलाइंस और कुछ पुलिस हैंडल को टैग करते हुए दावा किया कि इन विमानों में बम रखे गए थे।

*एक्स हैंडल पर लिखा असली आतंकवादी*

अधिकारियों ने बताया कि सारी धमकियां एक्स हैंडल स्किजोबॉम्बर777 से जारी की गईं। अकाउंट के बायो में असली आतंकवादी लिखा गया है।