NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या, पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल लाया गया शव
*NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या, पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल लाया गया शव*
महाराष्ट्र में अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता बाबा सिद्दीकी की शनिवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुंबई पुलिस के मुताबिक, अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला किया। आनन-फानन में बाबा सिद्दीकी को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचाने में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने दो हमलावरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
बांद्रा के निर्मल नगर के शनिवार रात एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोली लगने के कारण उनकी मौत की पु्ष्टि की। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया है। रविवार तड़के बाबा सिद्दीकी के घर के बाहर से आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि घर के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है।
*मुंबई पुलिस की अपराध शाखा को सौंपी गई जांच; कूपर अस्पताल में होगा पोस्टमार्टम*
पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी को बांद्रा पूर्व में खेरवाड़ी सिग्नल के पास और बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के सामने गोली मारे जाने के मामले में लॉरेंस विश्नोई गैंग का हाथ होने की आशंका जाहिर की जा रही है। मामले की जांच मुंबई पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है। पुलिस हत्याकांड के तत्काल बाद गिरफ्तार दो संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
*15 दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी*
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बांद्रा में झोपड़पट्टी पुनर्विकास परियोजना को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका है कि इसी रंजिश में बाबा सिद्दीकी की हत्या की गई। सिद्दीकी को 15 दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी। इसके बाद उन्हे वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी
*सीएम शिंदे बाबा सिद्दीकी के परिवार से मिलने लीलावती अस्पताल पहुंचे*
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बाबा सिद्दीकी के परिवार से मिलने लीलावती अस्पताल पहुंचे। शनिवार देर रात गोली मारकर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की नृशंस हत्या कर दी गई।
*कांग्रेस नेता का सवाल- मुंबई और महाराष्ट्र में कौन सुरक्षित?*
कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने भी बाबा सिद्दीकी की हत्या की वारदात के बाद कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे महानगर में सरकार से जुड़े एक नेता की हत्या कर दी जाती है। अगर सरकार अपने नेताओं को सुरक्षित नहीं रख पा रही है, तो मुंबई और महाराष्ट्र में कौन सुरक्षित है।