समय की कसौटी पर खरी दोस्ती': क्वाड से इतर ऑस्ट्रेलिया-जापान के प्रधानमंत्री से मिलकर क्या बोले PM मोदी, जानें
*समय की कसौटी पर खरी दोस्ती': क्वाड से इतर ऑस्ट्रेलिया-जापान के प्रधानमंत्री से मिलकर क्या बोले PM मोदी, जानें*
पीएम मोदी ने जापानी पीएम फुमियो किशिदा से भी मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-जापान संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और सहयोग को और गहरा करने के लिए विचारों का आदान-प्रदान किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्वाड शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए इन दिनों अमेरिका में हैं। इस सम्मेलन के इतर उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज से भी मुलाकात की। पीएम मोदी ने इसके साथ भारत-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और स्थिरता को बनाए रखने और आपसी सहयोग को गहरा करने के लिए अपने विचारों का आदान प्रदान किया।
*पीएम मोदी ने की जापानी-ऑस्ट्रेलियाई पीएम से मुलाकात*
पीएम मोदी ने शनिवार को विलमिंगटन में जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज से मुलाकात की। बता दें कि जापान और ऑस्ट्रेलिया के पीएम भी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आए हैं। पीएम मोदी और एंथनी अल्बनीज ने भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करे हुए कहा, "पीएम अल्बनीज के साथ व्यापक चर्चा हुई। हम व्यापार, सुरक्षा, अंतरिक्ष और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में और भी अधिक तेजी से काम करना चाहते हैं। ऑस्ट्रेलिया के साथ लंबे समय से चली आ रही मित्रता को भारत महत्व देता है।" ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज ने कहा, "हमारी साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों के बारे में आज क्वाड शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बात करके बहुत अच्छा लगा।"
*विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी*
पीएम मोदी ने जापानी पीएम फुमियो किशिदा से भी मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, "दोनों नेताओं ने भारत-जापान संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और सहयोग को और गहरा करने के लिए विचारों का आदान-प्रदान किया। पीएम मोदी ने वर्षों से विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए फुमियो किशिदा का धन्यवाद किया और साथ ही उनकी सफलता की कामना की।"
बता दें कि यह जापानी पीएम के लिए एक विदाई शिखर सम्मेलन था, क्योंकि एक अक्तूबर को उनका कार्यकाल समाप्त होने वाला है। इसके साथ ही यह अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का भी आखिरी क्वाड शिखर सम्मेलन है, क्योंकि अगले साल 20 जनवरी को उनका कार्यकाल समाप्त हो जाएगा