घरेलू क्रिकेट में फिर दिख सकता है हार्दिक का जलवा, लाल गेंद के क्रिकेट में वापसी संभव; जानें
*घरेलू क्रिकेट में फिर दिख सकता है हार्दिक का जलवा, लाल गेंद के क्रिकेट में वापसी संभव; जानें*
हाल ही में हार्दिक लाल गेंद से अभ्यास करते नजर आए थे। यह 30 वर्षीय खिलाड़ी सीमित ओवरों के मैच में भी बड़ौदा के लिए खेलने की योजना बना रहा है। हार्दिक ने 2018 में रणजी ट्रॉफी के दौरान मुंबई के खिलाफ बड़ौदा का प्रतिनिधित्व किया था और इसके बाद से वह अब तक प्रथम श्रेणी में नहीं खेले हैं।
भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या बड़ौदा के लिए 2024-25 सत्र में लाल गेंद के मुकाबलों के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बड़ौदा क्रिकेट संघ (बीसीए) के सूत्रों ने बताया कि हार्दिक के प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वापसी के काफी उम्मीदें हैं। सूत्र के मुताबिक भारत के न्यूजीलैंड के खिलाफ और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को देखते हुए हार्दिक प्रथम श्रेणी में खेल सकते हैं।
*लंबे समय से घरेलू टूर्नामेंट में नहीं खेले हैं हार्दिक*
हाल ही में हार्दिक लाल गेंद से अभ्यास करते नजर आए थे। यह 30 वर्षीय खिलाड़ी सीमित ओवरों के मैच में भी बड़ौदा के लिए खेलने की योजना बना रहा है। हार्दिक ने 2018 में रणजी ट्रॉफी के दौरान मुंबई के खिलाफ बड़ौदा का प्रतिनिधित्व किया था और इसके बाद से वह अब तक प्रथम श्रेणी में नहीं खेले हैं। हार्दिक ने भारत के लिए आखिरी बार 2018 में ही टेस्ट मैच खेला था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ साउथैंप्टन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। हार्दिक ने अब तक भारत के लिए 11 टेस्ट मैच खेले हैं और इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर श्रीलंका के खिलाफ 108 रन बनाए थे, जबकि गेंदबाजी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में पांच विकेट लेना है। हार्दिक को टेस्ट में कम मौके मिले हैं, लेकिन उन्होंने प्रभाव छोड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले साल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल से पहले हार्दिक ने कहा था कि लंबे समय तक लाल गेंद के प्रारूप में नहीं खेलने के बावजूद अगर उन्होंने टीम में जगह बनाई होती तो यह सही नहीं होता। हार्दिक ने कहा था, मैंने यहां पहुंचने के लिए 10 प्रतिशत भी नहीं दिया है। मैं यहां तक कि एक फीसदी में इसका हिस्सा नहीं हूं, इसलिए किसी की जगह स्थान बनाना सही नहीं होगा। अगर मैं टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता हूं तो मुझे अपनी जगह बनानी होगी। इसी कारण मैं डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए उपलब्ध नहीं रहूंगा। इसके अलावा जब तक मुझे नहीं लगता कि मैंने टीम में अपनी जगह हासिल की है, मैं भविष्य में किसी टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं बनूंगा।
बड़ौदा का रणजी ट्रॉफी के अपने पहले मैच में गत चैंपियन मुंबई से 11 अक्तूबर को सामना होगा। ऐसे में हार्दिक के पास तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं बचा है। न्यूजीलैंड का भारत दौरा 16 अक्तूबर से शुरू होगा, जबकि टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 नवंबर से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।