विश्राम के बाद भारतीय टीम ने तीसरे अभ्यास सत्र में लिया हिस्सा, रोहित-कोहली ने जमकर बहाया पसीना
विश्राम के बाद भारतीय टीम ने तीसरे अभ्यास सत्र में लिया हिस्सा, रोहित-कोहली ने जमकर बहाया पसीना
भारतीय खिलाड़ियों ने रविवार को विश्राम किया था, लेकिन सभी 16 खिलाड़ियों ने सोमवार को तीसरे अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। सरफराज दलीप ट्रॉफी के दूसरे दौर के मैच के बाद टीम से देर से जुड़े हैं। रोहित ने अभ्यास सत्र के दौरान स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ ज्यादा बल्लेबाजी की।
भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ 19 सितंबर से चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होने वाले शुरुआती टेस्ट से पहले सोमवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। भारतीय खिलाड़ियों ने रविवार को विश्राम किया था, लेकिन सभी 16 खिलाड़ियों ने सोमवार को तीसरे अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। इस दौरान सभी खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने जमकर बल्लेबाजी अभ्यास किया।
*कोहली-यशस्वी ने बुमराह और अश्विन का किया सामना*
अभ्यास सत्र के दौरान कोहली और युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने आसपास बल्लेबाजी अभ्यास किया। पहले कोहली पहुंचे और फिर उनके बगल वाले नेट पर यशस्वी अभ्यास करने लगे। इन दोनों बल्लेबाजों ने तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ ज्यादा बल्लेबाजी की। इन दोनों के बाद कप्तान रोहित, शुभमन गिल और सरफराज खान बल्लेबाजी अभ्यास के लिए पहुंचे। सरफराज दलीप ट्रॉफी के दूसरे दौर के मैच के बाद टीम से देर से जुड़े हैं। रोहित ने अभ्यास सत्र के दौरान स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ ज्यादा बल्लेबाजी की।
ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी स्थानीय गेदबाजों और थ्रोडाउन विशेषज्ञों के खिलाफ जमकर बल्लेबाजी अभ्यास की। अभ्यास पिच से गेंदबाजों को अच्छी उछाल मिल रही थी। दो मैचों की सीरीज के शुरुआती मुकाबले से पहले भारतीय टीम दो और अभ्यास सत्र में भाग लेगी। बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में सूपड़ा साफ करने के बाद आत्मविश्वास से भरी हुई है।
*भारत तीन स्पिनर, दो तेज गेंदबाज के साथ उतर सकता है*
चेन्नई की पिच आमतौर पर स्पिनरों के लिए मददगार होती है और ऐसे में इस बात की काफी संभावना है कि भारतीय टीम तीन स्पिनरों और दो तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरे। तेज गेंदबाजी का जिम्मा जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज पर होगा, जबकि स्पिन विभाग में अश्विन और जडेजा के साथ कुलदीप यादव के अंतिम एकादश में जगह बनाने की संभावना है। ऐसी स्थिति में पिछले कुछ समय से अपने ऑलराउंड खेल से लगातार प्रभावित करने वाले अक्षर पटेल को बाहर बैठना पड़ सकता है। पंत दो साल के अंतराल के बाद टेस्ट टीम में वापसी के लिए तैयार है। पंत के एकादश में आने से इंग्लैंड के खिलाफ पिछली सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले ध्रुव जुरेल को बेंच पर बैठना होगा।