आज राष्ट्रपति से मिलेंगे राज्यपाल बोस, आरजी कर अस्पताल CBI की जांच जारी*
*आज राष्ट्रपति से मिलेंगे राज्यपाल बोस, आरजी कर अस्पताल CBI की जांच जारी*
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और अन्य हिस्सों में रविवार की रात सैकड़ों महिलाओं ने सड़क पर उतरकर 'रिक्लेम द नाइट' अभियान को दोबारा शुरू किया। महिलाओं ने सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में न्याय की मांग की।
*इंसाफ पर सीएम हिमंत ने दी असम की मिसाल*
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- आप मेरे तीन साल का रिकॉर्ड देख सकते हैं। कोलकाता में हुआ जघन्य अपराध अगर असम में होता है, तो हमारी सरकार तुरंत न्याय करती है। राज्य में विपक्ष मेरी इस नीति की आलोचना करता है लेकिन इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारी बेटियों की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं होगा।
*आरोपी संजय की सास बोलीं- वारदात में कई और भी लोग शामिल*
आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के आरोपी संजय रॉय की सास ने कहा- मेरी बेटी से उसकी दूसरी शादी थी, शुरू में 6 महीने तक सब ठीक रहा। जब वह 3 महीने की गर्भवती थी, तो उसने गर्भपात करवा दिया। उसने उसकी पिटाई की, इसके लिए पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई। संजय अच्छा नहीं था। उसे फांसी पर लटका दो या जो चाहो करो। मैं अपराध के बारे में कुछ नहीं बोलूंगी। वह अकेले ऐसा नहीं कर सकता था। उसके पास अकेले ऐसा करने की क्षमता नहीं है।
*कल राष्ट्रपति से मिलेंगे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल*
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी.आनंद बोस दिल्ली के दौरे पर पहुंचे। सी.वी.आनंद बोस कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।
*CBI टीम ने आरजी अस्पताल के अन्य क्षेत्रों का किया निरीक्षण*
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
*लोगों के दर्द को राजनीतिक नारे में बदला जा रहा है- टीएमसी*
कोलकाता: टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, दर्द राजनीतिक नहीं है लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों के दर्द को राजनीतिक नारे में बदला जा रहा है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आप सोशल मीडिया पर जो दर्द बयां कर रहे हैं और जो विरोध कर रहे हैं, उस पर कोई आपत्ति नहीं है। आप कुछ भी कह सकते हैं लेकिन भाषा मर्यादित होनी चाहिए। तस्वीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर फर्जी रिपोर्ट, फर्जी ऑडियो, फर्जी खबरें फैलाना गलत है। ऐसा न करें, यह आपत्तिजनक है। दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है, अपराधी को फांसी होनी चाहिए लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि राम, वामपंथी और कुछ बुरी ताकतें मिलकर इसे दूसरी दिशा में मोड़ दें। वे वोटों से नहीं जीत पाए लेकिन हम उनके की तरफ से किए जा रहे नाटक का विरोध कर रहे हैं। हम स्पष्ट रूप से कह रहे हैं कि मौत की सजा होनी चाहिए। हम समाधान चाहते हैं, मामले में सजा होनी चाहिए।