राष्ट्रपति से मिलने दिल्ली पहुंचे राज्यपाल, कहा- सभी सांविधानिक विकल्प खुले, आज 'सुप्रीम' सुनवाई*
राष्ट्रपति से मिलने दिल्ली पहुंचे राज्यपाल, कहा- सभी सांविधानिक विकल्प खुले, आज 'सुप्रीम' सुनवाई*
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। जानकारी के मुताबिक राज्यपाल बोस गृहमंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात कर सकते हैं।
कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ दरिंदगी के मुद्दे पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। राज्यपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र का पतन हो रहा है। प्रदेश महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रह गया है और राज्य सरकार इस मुद्दे पर असंवेदनशील है। मौजूदा सरकार ने महिलाओं को निराश किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं चलेगा और उनके सामने सभी सांविधानिक विकल्प खुले हैं।
*बंगाल महिलाओं के लिए सुरक्षित जगह नहीं- राज्यपाल*
सोमवार को राज्यपाल ने राजभवन में महिला नेताओं और डॉक्टरों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि वह पश्चिम बंगाल को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने में उनके साथ खड़े हैं। राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बंगाल महिलाओं के लिए सुरक्षित जगह नहीं है। मौजूदा सरकार ने राज्य को महिलाओं के लिए असुरक्षित बना दिया है और आरजी कर अस्पताल में हुए जघन्य हत्याकांड से यही बात पता चलती है। बंगाल में आज महिलाएं गुंडों से डरती हैं और यह राज्य सरकार ने पैदा किया है।
*केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिल सकते हैं राज्यपाल*
मृत डॉक्टर के परिजनों के बयान पर राज्यपाल ने कहा, मैं मां की भावनाओं का सम्मान करता हूं। कानून अपना काम करेगा। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए राज्यपाल ने कहा कि हमें अपनी बेटियों और बहनों की सुरक्षा का संकल्प लेना होगा। हम अपनी बहनों के लिए अपने मिशन में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समय सभी पुरुषों के लिए खुद को सुधारने का है। यह समय एक साथ आने का है। राज्यपाल राज्य की मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के लिए जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने वाले हैं।
*मुख्य आरोपी का होगा पॉलीग्राफ टेस्ट, सीबीआई को मिली कोर्ट से अनुमति*
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) मुख्य आरोपी संजय रॉय का पॉलीग्राफ टेस्ट कराएगी। स्थानीय अदालत से सीबीआई को इसकी अनुमति मिल गई है। केंद्रीय एजेंसी मंगलवार को पॉलीग्राफ टेस्ट करा सकती है। एक दिन पहले ही एजेंसी ने मुख्य आरोपी का मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराया था। सूत्रों के मुताबिक, संजय रॉय के बयानों में विरोधाभास है और सीबीआई को संदेह है कि वह कुछ सच्चाई छिपा रहा हैं, यही वजह है कि एजेंसी उसका पॉलीग्राफ टेस्ट कराना चाहती थी।
*सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई*
सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को इस मामले में सुनवाई होगी। शीर्ष अदालत ने जूनियर डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या और अस्पताल में तोड़फोड़ के मामले पर स्वत:संज्ञान लिया है। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्र की पीठ सुनवाई करेगी।