अस्पताल में तोड़फोड़ पर तीन और गिरफ्तार, 22 अगस्त तक हिरासत; मुख्यमंत्री ममता राज्यपाल से मिलीं*
*अस्पताल में तोड़फोड़ पर तीन और गिरफ्तार, 22 अगस्त तक हिरासत; मुख्यमंत्री ममता राज्यपाल से मिलीं*
कोलकाता के अस्पताल में हुई जघन्य वारदात के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ पर कहा- वीडियो में तिरंगा लिए BJP के लोग देखे गए हैं। इससे पहले भाजपा नेता सुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि ममता बनर्जी ने टीएमसी के गुंडों को आरजी कर मेडिकल कॉलेज के नजदीक प्रदर्शन कर रहे लोगों के पास भेजा था। सियासी आरोप-प्रत्यारोप के बीच सीबीआई ने पांच डॉक्टरों को समन भेजा है
देशभर के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ में आक्रोश
इससे पहले घटना से आक्रोशित डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने सुरक्षा और इंसाफ के मुद्दे पर कोलकाता के अलावा केरल और नई दिल्ली तक अपनी आवाज बुलंद की।
पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया, 22 तक हिरासत
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ के मामले में आई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिम बंगाल पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तीनों लोगों को 22 अगस्त तक हिरासत में भेजा गया है। इससे पहले प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात की। उन्होंने दोषियों को फांसी की सजा की मांग दोहराते हुए कहा कि अब मामला सीबीआई के हाथ में है।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बयान
राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात के बाद राजभवन से बाहर निकलीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, कल जिन लोगों ने आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ की और ये हंगामा किया उनका आरजी कर मेडिकल कॉलेज के छात्र आंदोलन से कोई संबंध नहीं है। उत्पात बाहरी लोगों ने किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, 'मेरे पास तीन वीडियो हैं। मैंने जितने भी वीडियो देखे हैं, उसमें कुछ लोग राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए हैं, वो बीजेपी के लोग हैं। कुछ डीवाईएफआई के लोग भी हैं जो सफेद और लाल झंडे थामे हुए हैं। कल कोलकाता पुलिस पर भी हमला हुआ।' ममता ने कहा कि उपद्रव और अफरा-तफरी के माहौल में भी धैर्य नहीं खोने के लिए वे पुलिस को बधाई देना चाहती हैं। पुलिस ने किसी को चोट नहीं पहुंचाई। बकौल मुख्यमंत्री, 'अब केस हमारे हाथ में नहीं है, पूरा मामला सीबीआई के हाथ में है, अगर आपको कुछ कहना है तो सीबीआई को बताइए, हमें कोई आपत्ति नहीं है।'
सीबीआई ने पांच डॉक्टरों को समन भेजा
सीबीआई की विशेष अपराध शाखा, कोलकाता ने पांच डॉक्टरों को समन भेजा है। इन डॉक्टरों से आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई जघन्य वारदात के संबंध में पूछताछ की जाएगी। सीबीआई ने निलंबित किए गए एमएसवीपी संजय वशिष्ठ, छाती रोग विभाग के एचओडी अरुणव दत्ता चौधरी, फॉरेंसिक मेडिसिन की एसोसिएट प्रोफेसर रीना दास, फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग से मौली बनर्जी और अपूर्वा बिस्वास को भी तलब किया था।
भाजपा और वामपंथी शासन वाले राज्यों में मुख्यमंत्री कार्रवाई नहीं करते'
तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने कहा, बलात्कार और हत्या की घटना किसी भी समाज में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया, 'एक जगह का नाम बताइए जहां बलात्कार की घटनाएं नहीं होतीं।' बकौल कुणाल घोष, 'फर्क इतना है कि भाजपा और वामपंथी शासन वाले राज्यों में मुख्यमंत्री कार्रवाई नहीं करते। ममता बनर्जी पीड़िता के घर गईं और सुनिश्चित किया कि सख्त से सख्त कार्रवाई हो।'