अंतर्राष्ट्रीय
इजरायल और हमास के बीच जंग निर्णायक मोड़ पर आ चुकी है। नौ महीनों के भीतर इजरायली सेना आईडीएफ ने पहले गाजा और फिर राफा को श्मशान बना दिया है। हजारों निर्दोषों की जान चली गई। इस बीच बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार में रक्षा मंत्री योआव गैलांट ने दावा किया है कि आईडीएफ हमास की 24 में से 20 बटालियन मिट्टी में मिला चुकी है।
उन्होंने सैनिकों से अपने संदेश में कहा, "राफा में लड़ाई बहुत महत्वपूर्ण है। हम वास्तव में हमास को खत्म करने के करीब हैं। युद्ध का परिणाम यह निकल रहा है कि उनके पास खुद को हथियारबंद करने का कोई तरीका नहीं बचा है। हमने उनकी सुरंगों को खोज निकाला है और कब्जा कर लिया है। अब उनके पास हमारे आगे घुटने टेकने या मारे जाने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। उनके पास अपने हताहतों की देखभाल करने का कोई साधन नहीं है और हम इसे युद्ध में अपने लिए अच्छा संकेत मान रहे हैं।"