देश
केन्द्र सरकार ने बच्चों को नशीली दवाओं और मादक द्रव्यों के सेवन से दूर रखने के लिए एक पोर्टल की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य स्कूलों के आसपास प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री को रोकने और छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक मजबूत निगरानी प्रणाली को तैयार करना है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य नशा मुक्त भारत के तहत बच्चों को नशीली दवाओं और मादक द्रव्यों के सेवन से रोकना है। इस संयुक्त कार्ययोजना को 'नशीली दवाओं के खिलाफ लड़ाई (A War Against Drugs)' नाम दिया गया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एनसीपीसीआर और एनसीबी की इस संयुक्त कार्य प्रणाली योजना की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशा मुक्त भारत के संकल्प के प्रति प्रतिबद्धता जताई है। केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को नशे से दूर रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा देश में 59 प्रतिशत आबादी युवाओं की है और वे विकसित भारत के भविष्य के नेता हैं। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की नशीली दवाओं के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति के बारे में विस्तार से बताया।