राजनीति
दिल्ली में गुरुवार को रात में करीब 9 बजे एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के आवास पर लगी नेम प्लेट पर कालिख पोती गई. इसके साथ ही कुछ पोस्टर लगाए गए जिसमें ओवैसी के संसद में लगाए गए नारों का विरोध किया गया है.
असदुद्दीन ओवैसी ने संसद भवन में जय फिलिस्तीन का नारा लगाया था. इसके विरोध में प्रदर्शनकारियों ने उनके आवास के बाहर नेम प्लेट पर कालिख पोत दी और पोस्टर चिपका दिए. पोस्टर पर ओवैसी की संसद सदस्यता रद्द करने की मांग की गई है और इजरायल को समर्थन व्यक्त किया गया है.
सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट किया, "आज कुछ अज्ञात बदमाशों ने मेरे घर पर काली स्याही फेंकी. अब मैं गिनती भूल गया हूं कि मेरे दिल्ली स्थित घर को कितनी बार निशाना बनाया गया. जब मैंने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से पूछा कि उनकी नाक के नीचे यह सब कैसे हो रहा है, तो उन्होंने अपनी बेबसी जाहिर की. अमित शाह यह सब आपकी निगरानी में हो रहा है. ओम बिरला कृपया हमें बताएं कि सांसदों की सुरक्षा की गारंटी होगी या नहीं. मेरे घर को निशाना बनाने वाले दो कौड़ी के गुंडों से मुझे डर नहीं लगता. सावरकर जैसी कायरतापूर्ण हरकतें बंद करो और मेरा सामना करने के लिए हिम्मत जुटाओ. स्याही फेंकने या पत्थर फेंकने के बाद भाग मत जाना.''