प्रदेश
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नवनिर्वाचित 13 सदस्यों को शुक्रवार को सदन की सदस्यता की शपथ दिलायी गयी। एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए उत्तर प्रदेश विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित 13 सदस्यों को शुक्रवार शाम सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने विधान भवन के तिलक हाल में सदस्यता की शपथ दिलायी।
शपथ लेने वाले विधान परिषद सदस्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के डॉ. महेंद्र सिंह, विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, रामतीरथ सिंघल, संतोष सिंह, धर्मेंद्र सिंह और मोहित बेनीवाल शामिल हैं। वहीं भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल अपना दल (एस) के आशीष पटेल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विच्छेलाल और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के योगेश चौधरी ने भी शपथ ली। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के सदस्य बलराम यादव, शाह आलम एवं किरण पाल कश्यप को भी सभापति ने शपथ दिलायी।