राजनीति
मोदी सरकार 3.O के मंत्रिमंडल में एक भी मुस्लिम चेहरे को जगह नहीं मिली है। इसी के साथ भारत की आजादी के बाद यह पहली केंद्र सरकार है, जिसके मंत्रिमंडल में मुसलमानों का प्रतिनिधित्व शून्य है। हालांकि जुलाई 2022 से ही मुसलमान को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया, जो अब भी जारी है।
मोदी सरकार में पांच अल्पसंख्यक समुदाय से मंत्री बनाए गए हैं, जिसमें किरेन रिजिजू और हरदीप पुरी को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई। वहीं रवनीत सिंह बिट्टू, जॉर्ज कुरियन और रामदास अठावले ने राज्यमंत्री की शपथ ली। कैबिनेट में शामिल पांच अल्पसंख्यक नेताओं में एक केरल, एक अरुणाचल प्रदेश, एक महाराष्ट्र और दो पंजाब से आते हैं।
रिजिजू और कुरियन ईसाई समुदाय से आते हैं, जबकि हरदीप पुरी और बिट्टू सिख समुदाय से हैं। वहीं रामदास अठावले बौद्ध धर्म से जुड़े हैं। इस तरह से मोदी सरकार के नई मंत्रिमंडल में किसी भी मुस्लिम को जगह नहीं दी गई है।