पाकिस्तान

पाकिस्तान

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि देश में फिर से वही चीजें दोहराई जा रही हैं, जो 1971 में बांग्लादेश के वजूद में आने की वजह बनी थीं। ऐसे हालात में देश के फिर से टूटने की चेतावनी देते हुए जेल में बंद इमरान खान ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा है कि पाकिस्तान के दो हिस्सों में बंटने के लिए बंगाली नेता शेख मुजीबुर्रहमान नहीं बल्कि सैन्य तानाशाह जनरल याह्या खान और उसके नजदीकी आर्मी अफसर जिम्मेदार थे। इमरान ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि हर पाकिस्तानी को हमूदुर्रहमान आयोग की रिपोर्ट को पढ़कर जानना चाहिए कि देश के टूटने का असली गद्दार जनरल याह्या खान था या शेख मुजीबुर्रहमान।

1971 में जो हुआ, वही आज हो रहा है। आज भी जिस पार्टी (पीटीआई) को लोगों ने चुना, उसको सत्ता नहीं दी गई और उसके लीडर इमरान खान को जेल में डाला गया। जिन लोगों को अवाम ने खारिज किया, उनको सत्ता में बैठा दिया गया है।

इमरान खान की पार्टी पीटीआई के नेता और केपी के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने भी हाल ही में पाकिस्तान की सरकार और आर्मी को लेकर तीखे तेवर दिखाए थे। अब इमरान खान ने 1971 के दौरान सेना की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मौजूदा सेना प्रमुख की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पूर्व प्रधानमंत्री इमरान और सेना के बीच बढ़ते तनाव को दिखाता है।