मौसम

मौसम

उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में गर्मी के तेवर और तीखे हो चले हैं। रविवार को आगरा प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा जहां पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 20 मई को बुन्देलखंड में प्रचंड ग्रीष्म लहर चलने की आशंका है जबकि अवध क्षेत्र में भी ग्रीष्म लहर का असर रहेगा

मौसम विभाग ने बताया कि बुन्देलखंड में सोमवार को दिन का तापमान 45 से 47 डिग्री और अवध के इलाकों में 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। मथुरा और वृंदावन में दिन का तापमान 47.5 डिग्री रहा। कानपुर में 46, प्रयागराज में 45, वाराणसी में 44.4 बुलंदशहर में 44 डिग्री पर पारा दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 23 मई के दरम्यान पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका है। 21 मई से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी चल सकती है, हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है।