अंतर्राष्ट्रीय

अंतर्राष्ट्रीय

मध्य पूर्व एशिया में ईरान और इजरायल में चल रहे तनाव के बीच एक बड़ा हादसा हुआ है. ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलीकॉप्टर रविवार को कोहरे के कारण हुए हादसे के बाद लापता हो गया है.

शुरुआत में हेलीकॉप्टर के जोल्फा की पहाड़ियों में रफ लैंडिंग करने की खबर आई थी, लेकिन बाद में उसके क्रैश होने की संभावना जताई गई है. जोल्फा की पहाड़ियों में लगातार बारिश हो रही है और दृश्यता भी बेहद कम है. इसके चलते रेस्क्यू टीमें 7 घंटे बाद भी उसकी तलाश नहीं कर सकी हैं. ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने हादसे की पुष्टि की है. राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ हैलीकॉप्टर में फ्राइडे प्रेयर इमाम सैय्यद मोहम्मद-अली अल-हाशिम और विदेश मंत्री हुसैन अमीरब्दोल्लाहियान और पूर्वी अजरबैजान के गवर्नर मालेक रहमती भी सवार बताए गए हैं. यह हादसा उस समय हुआ, जब ईरानी राष्ट्रपति पड़ोसी देश अजरबैजान की सीमा पर दोनों देशों के साझा प्रोजेक्ट क्विज-कालासी बांध का उद्घाटन करके वापस लौट रहे थे. राष्ट्रपति के काफिले में तीन हेलीकॉप्टर थे, जिनमें से अन्य मंत्रियों से भरे 2 हेलीकॉप्टर सुरक्षित लौट आए हैं.