राजनीति
प्रयागराज के फूलपुर में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की सभा में जबरदस्त हंगामा हो गया। भीड़ बेकाबू हो गई और बैरिकेडिंग तोड़कर मंच तक पहुंच गई। पुलिस ने लाठियां पीटीं तो भगदड़ मच गई।
मौके की नजाकत को भांपते हुए राहुल-अखिलेश बिना भाषण दिए ही लौट गए। रैली का आयोजन फूलपुर लोकसभा सीट के पड़िला महादेव फाफामऊ में किया गया था। इंडिया गठबंधन की रैली में राहुल और अखिलेश के आने की जानकारी पर हुजूम उमड़ पड़ा था। राहुल गांधी और अखिलेश यादव हेलीकाप्टर से पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए भीड़ बेकाबू हो गई।
राहुल-अखिलेश के मंच पर पहुंचते ही भीड़ बैरिकेडिंग तोड़कर डी के अंदर घुस गई। तमाम कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए। इसके बाद राहुल और अखिलेश नाराज हो गए। दोनों नेता मंच से चले गए। सपा एमएलसी मान सिंह यादव ने हंगामे का ठिकरा भाजपा पर फोड़ा है। कहा कि विशाल जनसभा में पहुंची भीड़ को देखकर भाजपा की साजिश से फोर्स की व्यवस्था नहीं की गई। इस वजह से अव्यवस्था फैली है।