राजनीति
देश में चल रहे लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मतदान आज यानि कि सोमवार को होगा। पांचवें चरण के तहत देश की 49 लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण में राहुल गांधी समेत स्मृति ईरानी जैसे कई दिग्गजों का फैसला होगा।
महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट पर मतदान होगा। इसी चरण में ओडिशा के 35 विधानसभा क्षेत्रों में भी मतदान होगा, जहां बीजद अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक उम्मीदवारों में शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं जिनमें राजनाथ सिंह (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर, महाराष्ट्र), साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर, उप्र) और शांतनु ठाकुर (बनगांव, पश्चिम बंगाल), लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान (हाजीपुर, बिहार), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण, महाराष्ट्र) और भाजपा के राजीव प्रताप रूडी तथा राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य (दोनों सारण, बिहार) शामिल हैं।