देश
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि वह और आम आदमी पार्टी के नेता रविवार को बीजेपी ऑफिस जाएंगे ताकि प्रधानमंत्री जिसे चाहें उसे जेल भेज सकें. उन्होंने अपनी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल पर कथित हमले के सिलसिले में अपने सहयोगी बिभव कुमार की गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद एक प्रेस कान्फ्रेंस में दावा किया कि बीजेपी कह रही है कि वह हाल ही में ब्रिटेन से लौटे आप सांसद राघव चड्ढा और दिल्ली के मंत्रियों आतिशी और सौरभ भारद्वाज को भी जेल भेजेंगे.
सीएम केजरीवाल ने कहा, “आप सोचते हैं कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में डालकर उसे कुचल देंगे, आम आदमी पार्टी ऐसे कुचलने वाली नहीं है. आप एक बार कोशिश करिये और देखिए.” उन्होंने कहा कि आप एक विचार है, जिसके तार देश भर के लोगों से जुड़े हैं. उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी के जितने नेताओं को आप जेल में डालेंगे उससे 100 गुना ज्यादा नेता यह देश पैदा करेगा.”