अंतर्राष्ट्रीय

अंतर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच डूरंड लाइन पर युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं। पाकिस्तानी सेना और तालिबान के लड़ाके एक दूसरे पर गोलियां बरसा रहे हैं। खास बात है कि अफगानिस्तान की ओर से तालिबान को टीटीपी आतंकी मदद कर रहे हैं। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने शुक्रवार को परोक्ष रूप से तालिबान बलों के बीच सीमा संघर्ष को स्वीकार करते हुए कहा, कि देश अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के लिए किसी भी खतरे से बचने के लिए तैयार है। पाकिस्तानी विदेश विभाग की टिप्पणी दिखाती है कि डूरंड लाइन पर तनाव अनुमान से ज्यादा है।

पिछले तीन दिनों में पाकिस्तान और अफगान तालिबान बलों के बीच छिटपुट झड़पों की खबर आई है। झड़प के कारण को लेकर किसी भी पक्ष ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि झड़प तब हुई जब अफगानिस्तान की ओर से अकारण गोलीबारी शुरू कर दी गई। दोनों तरफ लोग हताहत हुए लेकिन अफगानिस्तान और पाकिस्तान ने चुप्पी साधी हुई है। हालांकि विदेश विभाग ने हर तरह के खतरे से निपटने की बात कही है।